अवध क्षेत्र में मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने पर जोर

अथाह व्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित अवध क्षेत्र की मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की बैठक में संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जिस तरह बूथों पर सामूहिकता और सक्रियता के साथ कार्य होता है, ठीक उसी ऊर्जा और समर्पण के साथ एसआईआर अभियान को भी युद्धस्तर पर सफल बनाना है।
बैठक में अवध क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, जिला प्रवासी, बीएलए-1, मंडल अध्यक्ष सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला और क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।
धर्मपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि एसआईआर अभियान में किसी भी प्रकार की कसर नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि चुनाव की तरह हर बूथ पर पार्टी का बस्ता लगे और बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष तथा बूथ प्रवासी प्रतिदिन बूथ पर रहकर यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदाताओं के गणना फार्म जमा हो जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर केवल बीएलए-2 या बूथ स्तरीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। नवमतदाताओं के नाम जुड़वाना और मृत, स्थानांतरित या फर्जी मतदाताओं के नाम हटवाने का कार्य भी पूरी गंभीरता से करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर विचार परिवार से जुड़े बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। उनसे संपर्क बढ़ाकर उन्हें अभियान में सक्रिय करना चाहिए। मंडल अध्यक्ष के पास प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि बेहतर समन्वय के साथ काम हो सके। बीएलए-1, बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष और बूथ प्रवासी के बीच रोज़ संवाद और प्रतिदिन का टास्क निर्धारित होना जरूरी है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि बड़ा नेता वही है जिसे अपने बूथ के एक-एक मतदाता की जानकारी हो। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बूथों पर 2003 एवं 2025 की मतदाता सूची और गणना फार्म उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मतदाताओं के न्यूमेरेशन फॉर्म सही ढंग से भरकर बीएलओ को जमा न हो जाएं, तब तक कार्यकर्ताओं को प्रत्येक घर पर बार-बार दस्तक देते हुए निरंतर संपर्क बनाए रखना होगा।
