व्यापारियों को संरक्षण देने की मांग
अथाह व्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने वाराणसी दाल मंडी के व्यापारियों पर हो रही कार्रवाई को भाजपा सरकार की “राजनीतिक ध्वस्तीकरण नीति” करार दिया। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में दाल मंडी के पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि कई वर्षों से भाजपा सरकार व्यापारियों पर संकट पैदा कर रही है और उनकी दुकानों को ध्वस्त कर अन्याय कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह कदम किसी हेरिटेज संरक्षण का नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम है। जिस बाजार से भाजपा चुनाव हारी, उसी बाजार के व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाराणसी को क्योटो बनाने का वादा करने वाली सरकार आज व्यापारियों की आजीविका छीनने पर तुली हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि दाल मंडी जैसा ऐतिहासिक बाजार वर्षों में बसता है, जबकि उसे उजाड़ने में एक पल भी नहीं लगता। उन्होंने कहा कि — “मुआवजे में दूसरी जगह दुकान तो मिल सकती है, पर बाजार और ग्राहक नहीं। भाजपा व्यापार और व्यापारी विरोधी है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर व्यापारियों को डरा रही है, धमका रही है और अधिकारियों के माध्यम से दबाव बनवा रही है। भाजपा की यह संकीर्ण सोच चौड़ीकरण के नाम पर साजिश कर रही है।
मेट्रो रोककर बनारस का विकास रोका: अखिलेश
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी में मेट्रो प्रोजेक्ट समाजवादी सरकार में पास हुआ था, जिसके लिए डीपीआर और 50 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए थे। अगर समाजवादी सरकार होती तो आज बनारस में मेट्रो चल रही होती और किसी व्यापारी की दुकान गिराने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वर्तमान भाजपा सरकार ने बनारस के विकास को रोक दिया है।
उन्होंने कहा कि गंगा सफाई से लेकर नदी तट विकास तक, भाजपा सरकार ने केवल सपने दिखाए, कार्य नहीं किया। वरुणा नदी पर रिवरफ्रंट का प्रोजेक्ट भी भाजपा ने रोक दिया।
व्यापारियों ने भी रखा दर्द
वाराणसी दाल मंडी के व्यापारी राहुल, किसन दीक्षित और नीलोफर ने बताया कि यह प्रोजेक्ट व्यापारियों के हित में नहीं है। यह क्षेत्र हेरिटेज है और यहां परिवर्तन करना गलत है। कई पीढ़ियों से बसे व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है।
अखिलेश बोले— भाजपा का अत्याचार अब लंबे समय तक नहीं चलेगा
उन्होंने कहा कि 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और व्यापारियों के साथ अन्याय किया है। सरकारी संपत्तियाँ बेची जा रही हैं, अधिकारियों की मनमानी बढ़ गई है और भाजपा भविष्य के झूठे सपनों में जनता को उलझा रही है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री किरनमय नंदा, सांसद श्री वीरेन्द्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महासचिव योगेन्द्र यादव तथा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
