Dainik Athah

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर लोनी में निकाली पदयात्रा

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह हुए शामिल

गाज़ियाबाद । लोनी क्षेत्र में देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को एकता पद यात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। पद यात्रा का उद्देश्य युवाओं में सरदार पटेल के योगदान और उनकी सोच को पहुंचाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के महापुरुषों के त्याग और योगदान की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अरुण सिंह ने सभी को स्वदेशी अपनाने की शपथ भी दिलाई और कहा कि आत्मनिर्भर भारत की राह स्वदेशी से ही होकर गुजरती है।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण सिंह ने दावा किया कि अब बारी बंगाल की है और 2027 में यूपी में भी भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि भाजपा का विजय रथ रुकने वाला नहीं है।

इस अवसर पर लोनी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर, स्थानीय पदाधिकारी और कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक  नंदकिशोर गुर्जर ने कहा लोनी की धरती हमेशा राष्ट्रभक्ति, एकता और सद्भाव का संदेश देती आई है। सरदार पटेल के विचारों और उनके मजबूत नेतृत्व ने भारत को नई दिशा दी। पद यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए और सरदार पटेल के आदर्शों को याद किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. चैनपाल सिंह ने की। कार्यक्रम संयोजक राजेन्द्र वाल्मीकि, यात्रा संयोजक विजय भाटी, उपाध्यक्ष कौमुदी चौधरी, सभासद दल अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा आरती मिश्रा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हिमांशु मिश्रा, अनुसूचित मोर्चा संयोजक प्रदीप गहलोत, मा. राजकुमार चौधरी, अरविंद गोयल, रतन भाटी, जगत भाटी, मण्डल अध्यक्ष संतोष मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, राहुल श्याम सुंदर, मनीष चौहान, अश्विनी कुमार समेत सभासदगण, ग्राम प्रधान व हजारों की संख्या में स्थानीय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *