Dainik Athah

इस संकट की घड़ी में सरकार कहीं दिखाई नहीं दे रही है: अखिलेश यादव

प्रदेश में बाढ़ की स्थिति भयावह



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में बाढ़ से स्थिति भयावह है। दर्जनों जिलों के सैकड़ों गांव और कई नगरीय क्षेत्र बाढ़ से घिरे है। लाखों की आबादी और पशु संकट में है। मथुरा से लेकर आगरा, अलीगढ़, शाहजहांपुर, पीलीभीत, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, फरूर्खाबाद, सीतापुर, हरदोई, वाराणसी से लेकर कई जिलों में बाढ़ से स्थिति खराब है। बाढ़ से आम जनजीवन संकट में है। लोगों को खाना-पानी, दवा-इलाज नहीं मिल रहा है। इस संकट की घड़ी में सरकार कहीं दिखाई नहीं दे रही है। लोगों के घर-खेतीबाड़ी सब बर्बाद हो गये। बाढ़ राहत को लेकर बनी मुख्यमंत्री जी की टीम इलेवन का कुछ पता नहीं है। जनता को सरकार की थोथी घोषणाओं से कोई राहत नहीं मिल रही है। लोगों को जान बचाने के लाले पड़े है। सरकार संकट में फंसी जनता को बचाने के बजाय लफ्फाजी करने में ही अपनी उपलब्धि मान रही है।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का हवाई सर्वेक्षण सिर्फ बाढ़ पर्यटन बनकर रह गया है। दर्जनों जिलों के सैकड़ों गांव टापू बन गये है, लोग अपना घर छोडकर इधर-उधर शरण लेने पर मजबूर है। आगरा शहर के दर्जनों कालोनियों में पानी भर गया है। हजारों की संख्या में घर डूब गये हैं। गलियों, सड़कों पर पानी भरा है। मथुरा में यमुना किनारे बाजारों की दुकाने डूब गयी है। लोग छतों पर शरण लेने और रहने को मजबूर है। प्रयागराज के हजारों घरों में पानी घुस गया है। आम जनता और छात्रों के लिए बाढ़ मुसीबत बन गयी है। फिरोजाबाद में दर्जनों गांवों में पानी भर गया है। फसले डूब गयी है। हरदोई में बाढ़ से करीब सौ गांव प्रभावित है। कानपुर देहात, फतेहपुर, गाजीपुर, बलिया में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित है। इन जिलों के कई गांव बाढ़ में डूबे हुए है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने इस मुसीबत के समय में जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। बाढ़ राहत के नाम पर कागजों में खानापूर्ति हो रही है। आमजन अभाव और भय में जीवन जीने को मजबूत है। महंगाई, बेरोजगारी समेत तमाम परेशानियों से घिरी जनता को बाढ़ ने बर्बाद कर दिया। लोग जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी को जनता की समस्याओं की कोई परवाह नहीं है।
यादव ने कहा कि सरकार के रवैये से लोग बेहद दु:खी और निराश है। जनता में भाजपा सरकार को लेकर भारी आक्रोश है। 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने को तैयार है। भाजपा जाएगी तभी लोगों को समस्याओं से निजात मिलेगी। परेशानियां दूर होंगी। अन्याय, अत्याचार खत्म होगा। जनता को राहत मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *