- 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनायेगी भाजपा
- ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनकी चर्चा 2 हजार किलोमीटर दूर बैंगलुरू में भी होती है: तेजस्वी सूर्या

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक तरफ पार्टी कार्यकतार्ओं की हौसलाअफजाई की, तो उनका मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने सेवा पखवाड़ा अभियान (17 सितंबर से दो अक्टूबर) के तहत होने वाले कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यक्रम स्वयं के लिए नहीं, बल्कि नेशन फर्स्ट के भाव के साथ होते हैं। हम संस्थापकों के विजन राष्ट्र प्रथम के भाव को जीवन का मिशन मानकर आगे बढ़ते हैं। हमारे कार्यकर्ता जब इसे अभियान मानकर बढ़ते हैं तो वे आमजन का विश्वास का हिस्सा बनते हैं। मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सभी कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर पहले उत्साहवर्धन किया, फिर अपील भी की कि दो अक्टूबर को विजयादशमी भी है। यह सभी कार्यक्रम भी अच्छे से हों और पर्व-त्योहार भी आसानी से मनाए जाएं।
मुख्यमंी योगी बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सेवा पखवाड़ा अभियान कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सेवा पखवाड़े के आयोजन और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने वोकल फॉर लोकल को हस्तशिल्पियों का सम्मान बताया। कहा कि इसने यूपी के एक्सपोर्ट को कई गुना बढ़ाया है। यह आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने सभी से इसे बढ़ावा देने की अपील की और कहा कि देश का पैसा यहां के कारीगरों को ही मिले, बाहर जाएगा तो भारत के खिलाफ आतंकवाद में प्रयोग होगा।
योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छता कार्यक्रम का जिक्र करते हुए इसे जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसका महत्व यूपी से अधिक कोई नहीं समझ सकता। 11 वर्ष पहले इस सीजन में गांवों में पैदल चलना दूभर होता था। बदबू व गंदगी रहती थी, लेकिन आज हर गांव में पैदल जाया जा सकता है। स्वच्छता का ही असर है कि इंसेफेलाइटिस समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर की टीम मलिन बस्तियों में होने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा बने। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णत: बैन करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक पेड़ मां के नाम अभियान में यूपी की भागीदारी से आगंतुकों व कार्यकतार्ओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा एक पेड़ मां के नाम के तहत इस वर्ष भी एक दिन में 36 करोड़ से अधिक पौधरोपण का रिकॉर्ड बना। 8 वर्ष में 240 करोड़ पौधरोपण हुए। यूपी का फॉरेस्ट कवर बढ़ा। जिस प्रदेश में पहले 50 लाख पौधे नहीं मिलते थे, वहां की नर्सरियों में 52 करोड़ पौधे तैयार किए गए। मुख्यमंत्री ने नमो वन/पार्क का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या से मुखातिब होते हुए कहा कि यूपी में युवा मोर्चा के कार्यकतार्ओं की लंबी फौज है। हर अभियान में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जीजान से लगे रहते हैं। उन्होंने रक्तदान शिविर को लेकर भाजयुमो कार्यकतार्ओं की हौसला अफजाई की। कहा कि स्वास्थ्य विभाग हर रविवार को स्वास्थ्य मेला लगाता है। वहां केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का डिस्प्ले, उपचार व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने की अपील की और मंत्र दिया कि जितनी मेहनत करेंगे, बीमारियों से उतना ही लड़ने का सामर्थ्य रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 300 से अधिक सेवानिवृत्त आईएएस, आईएफएस, विभिन्न अधिकारियों व अलग-अलग विषय विशेषज्ञों के साथ बैठकर विकसित-आत्मनिर्भर यूपी के कार्यक्रम को बढ़ाने जा रहे हैं। विकसित व आत्मनिर्भर भारत के साथ विकसित यूपी को बढ़ाने के कार्यक्रम कॉलेजों, स्कूलों व अन्य संस्थाओं में होंगे, जनप्रतिनिधि भी उसका हिस्सा बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की संकल्पना को संकल्प के रूप में दिया है। हम इसके अनुरूप कार्य करेंगे। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत दिव्यांगजनों को जनप्रतिनिधियों द्वारा कृत्रिम उपकरण वितरण करेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री पर लिखीं गईं पुस्तकें उपहार के रूप में दें। पूरे पखवाड़े यह अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि सांसद खेलकूद प्रतियोगिता से पहले विधायक खेलकूद प्रतियोगिता होगी। ग्राम पंचायत से लेकर संसदीय क्षेत्र की प्रतिभाएं इससे निखरेंगी। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फाइन आर्ट से जुड़े लोगों को भी इससे प्रेरित करें। यह प्रतियोगिता सावर्जनिक स्थानों पर करें, जिससे दीवारें भी सजेंगी और युवाओं का सम्मान भी होगा। मुख्यमंत्रीने सांस्कृतिक कार्यक्रम, पं. दीनदयाल उपाध्याय व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी की भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी 17 नगर निगम व गौतमबुद्धनगर में नमो मैराथन कार्यक्रम पर जोर दिया। उन्होंने इसमें भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को भी आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने मैराथन में 10 हजार से अधिक युवाओं को हिस्सा बनाने की अपील की।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक तेजस्वी सूर्या ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के सबसे लोकप्रीय मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनकी चर्चा 2 हजार किलोमीटर दूर बैंगलुरू में भी होती है। सूर्या ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के कुशल मार्गदर्शन में जारी विकास कार्यों की तारीफ करते हुए आगामी पंचायत चुनावों में युवाओं को अधिक से अधिक मौका दिए जाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा प्रदेश संगठन के नेतृत्व से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता खून भी देते हैं और पसीना भी। तेजस्वी सूर्या ने विजन 2047 का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में सांस्कृतिक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया है। विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के साथ ही उन्होंने देश में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से पार्टी का सेवा पखवाड़ा का अभियान प्रारम्भ होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल के नाते राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ राजनैतिक क्षेत्र में काम करती है। लेकिन हमारा दूसरा पहलू जनसेवा का है। भाजपा कार्यकर्ता जनसेवा और रचनात्मक कार्यों में बढ़-चढकर हिस्सा लेते है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से महात्मा गांधी की जयन्ती तक तो सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। उसमें सेवा के कार्यक्रम भी है। इसलिए हमारा यह अभियान केवल राजनीतिक नहीं बल्कि जनसेवा और संवेदनशील जुड़ाव का माध्यम है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर युवा मोर्चा द्वारा जिला स्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने बताया अभियान के तहत 17 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। 17 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना जाएगा। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 18 सितंबर से 02 अक्टूबर के मध्य रक्तदान शिविर के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंडल स्तर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रक्तदान शिविर लगाएंगे जबकि 19 व 20 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं उपलब्धियां और विकसित भारत विषय पर जिला स्तर पर प्रबुद्ध संवाद का आयोजन किया जाएगा साथ ही प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियों को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक ने भी संबोधित किया।
