- पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के निधन पर
- योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गाजियाबाद आने से पहले किया था अजीत पाल त्यागी को फोन
- जिस समय फोन आया उस समय स्व. राजपाल त्यागी के अस्थि विसर्जन के लिए अजीत पाल त्यागी ब्रजघाट के लिए निकल चुके थे
अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने गाजियाबाद आगमन से पहले मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी से फोन पर लंबी बात की थी।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दूधेश्वर नाथ मंदिर में रूद्राभिषेक एवं कांवड़ यात्रा के निरीक्षण के लिए गाजियाबाद आये थे। उनका कार्यक्रम दो बार बदला गया। पहले मुख्यमंत्री को दोपहर 12 बजे आना था, लेकिन बाद में वे सुबह नौ बजे ही आ गये। उन्होंने दिल्ली से गाजियाबाद के लिए चलने से पहले सुबह करीब सवा आठ बजे विधायक अजीत पाल त्यागी को फोन लगवाया। फोन उनके करीबी राज भूषण सिंह रावत ने मिलाया था। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आना चाहते थे। इस दौरान अजीत पाल त्यागी ने रावत के साथ ही मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिताजी की अस्थि विसर्जन के लिए ब्रजघाट जा रहे हैं तथा रास्ते में हैं।
इस पर मुख्यमंत्री ने स्व. राजपाल त्यागी के संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त की और बीमारी के विषय में जाना। इसके साथ ही उन्होंने अजीत पाल त्यागी से बात करते हुए लोकप्रिय नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे अथवा उत्तर प्रदेश सरकार क्या कर सकती है अथवा किसी प्रकार को कोई भी काम हो तो वे नि:संकोच उन्हें बतायें।
सूत्र बताते हैं कि यदि अजीत पाल त्यागी अस्थि विसर्जन के लिए नही गये होते तो मुख्यमंत्री लोहियानगर स्थित उनके निवास पर पहुंचकर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करने आते। विधायक अजीत पाल त्यागी ने बताया कि जिस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज का फोन आया उस समय वे पिलखुवा के पास पहुंच चुके थे।
