Dainik Athah

कांवड़ यात्रा के बावजूद मात्र 30 मिनिट में पुलिस- प्रशासन ने चाक चौबंद की व्यवस्था, मिली शाबासी

  • मुख्यमंत्री योगी ने दिये निर्देश, दुकानों को हटाकर दूधेश्वर कॉरिडोर के काम में लाई जाये तेजी
  • दूधेश्वर नाथ मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज को मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन कर कहा- आ रहा हूं मंदिर

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
मात्र 30 मिनिट का समय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए गाजियाबाद के पुलिस- प्रशासन ने सभी व्यवस्था चाक चौबंद कर ली। ऐसा इससे पहले शायद नहीं हुआ होगा। मुख्यमंत्री ने दूधेश्वर कॉरिडोर के काम में तेजी लाने के निर्देश भी जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को दिये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम दिल्ली पहुंचे थे। यहां पर उनका व्यस्त कार्यक्रम था। उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने रात्रि विश्राम भी दिल्ली के यूपी सदन में किया।

मुख्यमंत्री ने फोन कर महंत नारायण गिरी को स्वयं दी मंदिर आने की जानकारी
मुख्यमंत्री ने पहले सुबह सात बजे दूधेश्वर नाथ मंदिर के महंत एवं श्रीपंचनाम जूना अखाड़े के अंतर्राष्टÑीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरी को खुद फोन किया और बताया कि वे दोपहर 12 बजे मंदिर आयेंगे और रूद्राभिषेक करेंगे। लेकिन इसके बाद आठ बजे फिर फोन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वे दिल्ली से चल रहे हैं तथा पूजा करने के बाद हरियाणा सीमा तक कांवड़ रूट का हैलीकाप्टर से निरीक्षण करेंगे।
बाक्स

दुकानों को हटाकर कॉरिडोर के काम में लाई जाये तेजी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
रूद्राभिषेक करने के बाद जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वापस चले तो उन्होंने जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि दुकानों को जल्द हटाकर दूधेश्वर कॉरिडोर के निर्माण में तेजी लाई जाये। इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा में प्रबंधों की सराहना करते हुए पूरे पुलिस- प्रशासन को शाबासी भी दी।

पुलिस- प्रशासन को मात्र 30 मिनिट पहले मिली जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद आ रहे हैं इसकी जानकारी गाजियाबाद जिले के पुलिस- प्रशासन को उनके आने से मात्र 30 मिनिट पहले लगी। यूपी सदन में तैनात अधिकारियों को मुख्यमंत्री के स्टाफ ने दिल्ली से चलने से पांच मिनिट पहले जानकारी दी जिसके बाद जिले के बड़े अफसरों के फोन खटकने शुरू हो गये।

ना किसी को परेशानी और चाक चौबंद रही व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन से कई दिन पहले ही पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, जीडीए तैयारियां शुरू कर देते हैं। उनके आने से पहले सड़कों, डिवाइडरों की मरम्मत के साथ ही रिहर्सल भी की जाती है, लेकिन आज ऐसा कुछ नहीं हुआ। न तो कोई रास्ते ब्लाक किये गये और ना ही किसी को कोई परेशानी हुई। मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से सीधे दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे और वहां आधा घंटे रूकने के बाद पुलिस लाइन पहुंचकर हैलीकॉप्टर से रवाना हो गये। शहर के लोगों को उनके जाने के घंटों बाद पता चला कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आकर, चले भी गये। एक पुलिस अधिकारी बताते हैं कि पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की ड्यूटी पहले से ही सभी स्थानों पर थी, बस थोड़ा सा मूवमेंट किया गया। मुख्यमंत्री जिस प्रकार आकर गये उसने यह साबित कर दिया कि पुलिस बगैर आम लोगों को परेशान किये भी सभी कार्य बेहतर कर सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *