अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने किसानों के सामने संकट पैदा कर दिया है। किसानों को फसलों के लिए खाद नहीं मिल रही है। खरीफ की फसल विशेष कर धान की रोपाई का सीजन चल रहा है। किसान को फसलों के लिए डीएपी, यूरिया की जरूरत है लेकिन प्रदेश के जिलों-जिलों में खाद का संकट है। सहकारी समितियों में खाद नहीं है। निजी विक्रेता कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और ओवर रेटिंग कर रहे हैं। विभाग और सरकार की लापरवाही और लचर रवैये से किसान मारा-मारा फिर रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि गोंडा, बस्ती, हाथरस, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, समेत तमाम जिलों में खाद का संकट है। किसान परेशान है। भाजपा सरकार जब से सत्ता में आयी है तब से हर साल किसानों को खाद संकट का सामना करना पड़ रहा है। पुरूष किसानों के साथ-साथ महिलाओं को भी खाद के लिए सुबह से ही सहकारी समितियों पर लाइन लगानी पड़ रही है। कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिलती है। किसानों का दर्द तब और बढ़ जाता है जब खाद के बजाय उन्हें पुलिस की लाठियां और प्रताड़ना मिलती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनपद लखीमपुर खीरी के श्रीनगर की बहुउद्देशीय सहकारी समिति संकर भदूरा में 16 जुलाई को किसान खाद लेनेे के लिए पहुंचे। उनमें बड़ी संख्या में पुरूष व महिलाएं थी। किसानों को खाद नहीं मिली। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई लोगों को चोटें आई है। महिलाओं को पीटा और बेइज्जत भी किया गया। भाजपा सरकार में खाद मांगने पर किसान अपमानित किए जा रहे है। यह शर्मनाक, घोर निन्दनीय और अति दुर्भाग्यपूर्ण है। इसी तरह से हाथरस जिले में कई सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया नहीं है। गोंडा जिले में कई समितियों में सिर्फ कागज पर खाद है। किसान खाद लेने जाते है तो समितियों पर खाद नहीं आगे की तारीख मिलती है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को लगातार धोखा दे रही है। सरकार ने पूरी स्थिति बदहाल कर दी है। अब तो मंत्री और अधिकारियों के छापों का भी कोई असर नहीं है। किसानों से झूठे वादे किए। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अब किसानों को उनकी फसलों के लिए खाद, बीज, बिजली-पानी कीट नाशक भी नहीं उपलब्ध करा पा रही है। प्रदेश का किसान इस किसान विरोधी सरकार को 2027 के विधानसभा चुनाव में हटाकर किसान हितैषी समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा।
