Dainik Athah

जीवन को बचाना है पौधा जरूर लगाना है: सुनील शर्मा

वृक्षारोपण महाअभियान व ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ के तहत हुआ 11,47,980 पौधों का रोपण

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
वृक्षारोपण महा अभियान एवं एक पेड़ मां के नाम 2.0 के तहत मुख्य अतिथि कैबिनेट सुनील कुमार शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा सहित अन्य गणमान्यों की गरिमामयी उपस्थिति में सामाजिक वानिकी प्रभाग द्वारा रक्षा भूमि राइफल रेंज, विजयनगर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में हर क्षेत्र में वायुप्रदूषण निरंतर बढ़ता जा रहा है जो कि जीवन के लिए खतरा है। अगर हमें जीवन को बचाना है तो पौधा जरूर लगाना है। पौधारोपण एवं संरक्षण करने का कार्य किसी व्यक्ति विशेष का नहीं अपितु हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
स्थानीय सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि पौधा रोपण व संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है, वर्तमान सरकार निरंतर पौधारोपण व संरक्षण पर ध्यान दे रही है, और इस प्रकार के महा अभियान एक दिन उत्तर प्रदेश को हरा—भरा प्रदेश बनायेगें।
सदर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण के इस महाअभियान के उपरान्त आपको कहीं ना कहीं कोई ना कोई पौधा मुझार्ता हुआ अवश्य दिखेगा। उस समय यह सोचकर उसे नजर अंदाज मत कीजिए कि जिसने लगाया है वह स्वयं उसका संरक्षण करेगा। उपस्थित जन ने किया पौधारोपण।
वृक्षारोपण के महाअभियान के दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सिल्वर ओक, सांसद अतुल गर्ग ने बरगद, विधायक संजीव शर्मा ने अशोक, जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पिलखन, डीएफओ ईशा तिवारी ने बेहड़ा, सीडीओ अभिनव गोपाल ने नीम का पौधारोपण किया।
गाजियाबाद को कुल 11,36,400 पौधों का लक्ष्य शासन की ओर से दिया गया था जिसके सापेक्ष समस्त विभाग मिलकर लगभग 11,47,980 पौधों का रोपण किया। इस वृक्षारोपण मे सर्वाधिक लक्ष्य ग्राम विकास विभाग का 308000, तत्पश्चात नगर विकास विभाग 283000, वन विभाग 200000, कृषि विभाग 67100, उद्यान विभाग 41800 एवं पर्यावरण विभाग 31900 सहित अन्य को लक्ष्य दिया गया है। इन वृक्षारोपण का रोपण लगभग 1515 स्थलों पर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *