Dainik Athah

बागपत: गन्ना क्रय केंद्र की समस्या को लेकर धरने पर बैठे किसान की मौत

अथाह संवाददाता, बागपत। जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय परिसर में गन्ना क्रय केंद्र की समस्या को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे गाधी गांव के एक किसान स्वराज सिंह की मौत हो गई। इससे यहां पर हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार गाधी गांव के किसान गन्ना क्रय केंद्र की समस्या को लेकर गत कई दिनों से जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए थे। उनका कहना था कि गाधी गांव में जो गन्ना क्रय केंद्र लगा हुआ है वह विवादित जगह पर है। वह शासन-प्रशासन से दूसरी जगह गन्ना क्रय केंद्र लगाने की मांग कर रहे हैं।

उनका कहना है कि गन्ना क्रय केंद्र विवाद रहित जगह पर लगाया जाए। गांव के 90 फ़ीसदी गन्ना क्षेत्र में गन्ना क्रय केंद्र स्थापित कराया जाए, ताकि गन्ना किसानों को अपना गन्ना क्रय केंद्र तक पहुंचाने में किसी भी तरह की कोई समस्या न उठानी पड़े।

इसको लेकर हाल ही में बागपत शुगर मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ करने पहुंचे भाजपा के सांसद डॉक्टर सत्यपाल सिंह का किसानों ने घेराव भी किया था, लेकिन उनकी समस्या का अभी तक भी समाधान नहीं हो पाया है।

बुधवार को अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसान स्वराज सिंह ने दम तोड़ दिया, इससे यहां पर हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद से अन्य किसानों में शासन-प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *