Dainik Athah

भाजपा विपक्षी दलों के नेताओं की छवि खराब करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करती है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा विद्वेष की राजनीति करती है। विपक्षी दलों और नेताओं की छवि खराब करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करती है। भाजपा का व्यवहार अलोकतांत्रिक और तानाशाही का है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को वह अपने नियंत्रण में करना चाहती है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकतार्ओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इस सरकार में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं जिसका नतीजा है कि हर विभाग में भ्रष्टाचार है। हर कार्य में लूट मची है। आम जनता की कोई सुनवाई नहीं है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां देश के उद्योग और व्यापार का नुकसान कर रही है। भाजपा-आरएसएस विपक्ष में रहने के दौरान स्वदेशी का नारा देते थे। बड़े-बड़े दावा करते थे। आरएसएस के लोग स्वदेशी अपनाने को लेकर लम्बे-लम्बे भाषण करते थे। इन लोगों ने सत्ता में आने पर ऐसी नीतियां बना दी है कि पूरा देश विदेशी सामानों से भरा पड़ा है। देश के बाजार चीनी सामानों से पटे है। अब ये स्वदेशी की बात नहीं करते है। इस सरकार की गलत नीतियों से देश के कुटीर और छोटे उद्योग बर्बाद हो गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में अन्तर्राष्ट्रीय इकाना क्रिकेट स्टेडियम बनाया। आईटी सिटी, कैंसर, इंस्टीट्यूट, मेडिकल कॉलेज बढ़ाये, बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कानपुर, एटा, ललितपुर समेत कई जिलों में पावर प्लांट लगाए। पार्क और रिवरफ्रंट बनाया। छात्र-छात्राओं को अच्छी और तकनीकी शिक्षा के लिए लाखों लैपटॉप का वितरण किया। महिला सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा शुरू की। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 और 102 सेवा चलायी। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री का नया कार्यालय लोक भवन बनाया। पुलिस मुख्यालय के लिए शानदार सिग्नेचर बिल्डिंग बनाई गई।
यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने पांच साल के शासन काल में उत्तर प्रदेश में विकास की झड़ी लगा दी थी। उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया था। उत्तर प्रदेश विकास के हर मानक में आगे नजर आने लगा था लेकिन भाजपा के सत्ता में आते ही सारे विकास कार्य रूक गये। भाजपा सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया। भ्रष्टाचार का ऐसा नंगा नाच पहले कभी नहीं हुआ था। इस सरकार में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के हर कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का गोरखधंधा जगजाहिर हो चुका है। 90 किलोमीटर का लिंक एक्सप्रेस-वे बनाने में भाजपा सरकार ने 7 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा लुटा दिये।
अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधी खुलेआम हत्यायें कर रहे है। हत्याओं और बलात्कार की घटनाओं से प्रदेश में कोहराम मचा है। लोग कहीं भी सुरक्षित नहीं है। थाने और पुलिस चौकी के पास भी हत्याएं हो रही है। पूरे प्रदेश में अराजकता व्याप्त है। कानून व्यवस्था और अपराध पर सरकार का जीरों टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। सरकार कहती है कि अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए है तो हर रोज जिन्हें लंगड़ा बनाया जा रहा है वह कौन लोग है। हर रोज कैसे लंगड़ा बनाये जा रहे है? महिलाएं सुरक्षित नहीं है। बच्चियों का सम्मान और जीवन खतरे में है। इस जनविरोधी सरकार को हटाना ही प्रदेश के हित में है। प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटा कर प्रदेश को उसके कुशासन से मुक्त करने का काम करेगी।
इस अवसर पर माता प्रसाद पाण्डेय नेता विरोधी दल विधान सभा, जितेन्द्र दोहरे सांसद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित नवाब इकबाल, अमिताभ बाजपेयी संदीप पटेल सभी विधायकगण भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *