अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भ्रष्टाचार के कारण अन्याय, अत्याचार हो रहा है। वसूली और जमीनों की लूट हो रही है। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी की भयंकर स्थिति है।
यादव गुरूवार को एक होटल में के उद्घाटन एवं पुस्तक भेंट कार्यक्रम के पश्चात एकत्र लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कारोबार लोगों को जोड़ता है। नौकरी और रोजगार देता है लेकिन भाजपा नफरत फैलाने का काम करती है। समाज में दूरी पैदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है। समाजवादी सरकार में किसान बाजार बनाया था। वहां किसानों को सुविधा मिलती थी लेकिन किसान बाजार भाजपा को पसंद नहीं आया।
अखिलेश यादव ने कहा कि आरएसएस और उसके प्रमुख समेत संघ के लोग स्वदेशी की बात करते हैं लेकिन पूरा भारतीय बाजार चीनी सामानों से भरा पड़ा है। भाजपा सरकार चीनी सामानों के आयात पर रोक क्यों नहीं लगाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। कुछ हजार नौकरियों के लिए लाखों नौजवान फार्म भरते है। तैयारी करते है। इंतजार करते हैं। भाजपा सरकार परीक्षाएं नहीं करा पाती है। परीक्षाएं होती है तो पेपर लीक हो जाता है। भाजपा सरकार से युवा दु:खी और पीड़ित है। भाजपा सरकार ने नई पीढ़ी के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा सरकार विकास और रोजगार को रोकने वाली है।
अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के 11 वर्ष में और यूपी के लगभग 9 वर्ष के इन दोनों की 20 वर्ष की सरकार में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ। प्रदेश की बिजली, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया। उत्तर प्रदेश में आठ सालों में भाजपा सरकार ने एक भी यूनिट बिजली उत्पादन बढ़ाने का काम नहीं किया। बिजली व्यवस्था को जानबूझ कर बर्बाद कर दिया। अब बिजली का निजीकरण करने की तैयारी कर रही है। समाजवादी पार्टी बिजली के निजीकरण के खिलाफ है। भाजपा बिजली विभाग का निजीकरण कर विभाग की नौकरियों में आरक्षण खत्म करना चाहती है। भाजपा ने बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया लेकिन उपभोक्ताओं को महंगा बिजली बिल आता है। बिजली उपभोक्ताओं का बिल आधा होना चाहिए।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ बोलने वाली सरकार है। कुंभ में भगदड़ के दौरान हुई श्रद्धालुओं की मौतों की संख्या को लेकर सरकार ने झूठ बोला। मौतों की संख्या को छिपाया। भाजपा हर तरह के आंकड़ों से खिलवाड़ करती है। कुंभ में हादसें में मरने वालों के आंकड़ों के साथ खिलवाड़ किया। इससे ज्यादा शर्मनाक बात कोई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी खुद को योगी कहते हैं। वे श्रद्धालुओं के मरने के आंकड़ों के साथ झूठ बोल रहे हैं। कुंभ हादसे में मरने वालों की संख्या को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सरकार को अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए। सरकार के लोगों ने मृतक परिवारों को चुपचाप पांच-पांच लाख रुपए दिए लेकिन उनकी संख्या नहीं बताया।
अखिलेश यादव ने देश में जातीय जनगणना जल्द से जल्द कराने की मांग करते हुए कहा कि नई टेक्नालॉजी है इसका प्रयोग कर जातीय जनगणना सही आंकड़ों के साथ जल्दी करायी जानी चाहिए।
जातीय जनगणना को लेकर जनता को सावधान भी रहना पड़ेगा क्योंकि देखा गया है कि भाजपा आंकड़ों के साथ खिलवाड़ करती है। जो मरने वाले आंकड़ों को लेकर झूठ बोल सकता है वह कुछ भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा सुहेल देव की प्रतिमा लगेगी तो उनके हाथ में सोने की तलवार होगी। वे बहुत वीर और बहादुर थे। भाजपा के लोग छोटे दिल के लोग है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगी है। जिस व्यक्ति ने महाराजा सुहेल देव का सबसे पहले सम्मान किया और जमीन दान दिया उसे नहीं पूछा गया।
यादव ने पश्चिम बंगाल में भगवान जगन्नाथ जी का मंदिर बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी जी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने बहुत बड़ा काम किया है। भगवान जगन्नाथ जी का भव्य मंदिर बनाया है। वहां हर दिन 40 हजार लोग दर्शन करने आ रहे है। ममता बनर्जी जी ने भगवान जगन्नाथ जी का वैसा ही मंदिर बना कर श्रद्धालुओं को सुविधा देने का काम किया है। अखिलेश यादव को मशहूर बिरहा गायक श्री काशीनाथ यादव ने अपने गीत संग्रह धरती के धरोहर अखिलेश पुस्तक भेंट की।