Dainik Athah

भाजपा का अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो गया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा को दुर्गंध पसंद है। गोमती की साफ सफाई न होने से नदी में जहरीली गैसे बन रही है। वाटर बोट और वाटर क्रूज की योजना कैसे चल सकती है जब चारों तरफ दुर्गंध उठ रही हो। देश का सबसे अच्छा गोमती रिवरफ्रंट बनाया था उसके लिए कीमती फव्वारे मंगवाए थे उन्हें भी गायब करा दिया गया है। एक बड़ा अफसर भी गायब है। सच्चाई बताने पर आरोप लगते है।

यादव शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में मीडिया को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो गया है। पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव में काम कराया जा रहा हे। उसे भ्रष्ट कर दिया गया है। झूठे मुकदमें लगाकर कार्यकतार्ओं को अपमानित, प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 में ही सही ढंग से जातीय जनगणना हो सकेगी। अब्बास अंसारी की सदस्यता जानबूझकर रद्द की गई है। वैसे बयान देने वाले भाजपाइयों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? समाजवादी पार्टी से डीएनए मांगने वालों की सदस्यता क्यों नही जाती है? भाजपा सरकार में फैसले जाति-धर्म के आधार पर हो रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में कोई सुनवाई नहीं है। भाजपा का काम समाजवादी सरकार के समय हुए सभी विकास कार्यों को अपना बताने और अपने नाम दर्ज करवाना मात्र रह गया है। लोक भवन का निर्माण समाजवादी सरकार में हुआ था वहां कोई प्रतिमा नहीं लगी। भाजपा ने वहां प्रतिमा लगवा दी। विश्व स्तरीय कैंसर इंस्टीट्यूट बनवाया गया था ताकि कैंसर का मुफ्त इलाज हो सके। उसका भी नाम बदला और एक भाजपा नेता की प्रतिमा लग गई है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम बनवाया था उसका भी नाम बदल दिया गया। शानदार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बना वहां समाजवादी सरकार में कोई नाम नहीं लगाया पर भाजपा ने अपने नाम पट्ट लगा दिए। वे दूसरों का काम अपना बता रहे है।
यादव ने कहा कि जातीय जनगणना का काम प्रदेश में पीडीए सरकार बनने के बाद ही हो सकेगा। हमें इस बारे में सतर्क रहना होगा। भाजपा की साजिशों से सावधान रहना होगा। क्योंकि वह कोई भी साजिश कर सकती है। भाजपा के पास तमाम संसाधन हैं।, नई तकनीक है। वह वोट इधर-उधर कर सकती है लेकिन अब भाजपा के मुकाबले के लिए समाजवादी पार्टी तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मंडी बर्बाद कर दी है। गेहूं, धान, मूंगफली आदि किसी फसल की खरीद नहीं हो रही है। किसानों को खरीद केन्द्रों में परेशान किया जाता है। उन्हें भुगतान भी नहीं होता है। यही हाल बिजली का है। जब भाजपा ने एक भी यूनिट बिजली बनाई ही नहीं तो कहां से बिजली दे? समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही बिजली घर बनाए थे।
यादव ने कहा कि शिक्षामित्र अरसे से धरना दे रहे हैं, उन्हें न्याय नहीं मिला। शिक्षामित्र भाजपा सरकार को हटाने के लिए पीडीए के साथ मिलकर समाजवादी सरकार बनाएंगे, तभी लोगों को न्याय, सम्मान और खुशहाली मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *