Dainik Athah

प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है। अपराधी खुले आम गोलियां चला रहे है। हत्याएं कर रहे है। अपराधियों को कानून का डर नहीं रह गया है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है। कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार का जीरो टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में राजधानी लखनऊ तक में लोग सुरक्षित नहीं है। लखनऊ में दिन दहाड़े गोलियां चल रही है। गैंगवार हो रही है। राजधानी लखनऊ के सर्वोदय नगर में सड़क पर दौड़ा कर गोली मारी गयी। लखनऊ के ही पारा में पापर्टी डीलर के दफ्तर में दबंगों ने लाठी-डंडो से हमलाकर पिटाई की। उन्होंने कहा लखनऊ के ही मलिहाबाद में घर पर कब्जा करने का विरोध करने पर महिला पर हमला हुआ। जौनपुर के जाफराबाद में पिता और दो बेटों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गयी। नोएडा में सिपाही सौरभ देशवाल की दबिस के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर हत्या कर दी।

अखिलेश यादव ने कहा सहारनपुर में छेड़छाड़ से परेशान दसवीं की छात्रा ने जान दे दी। पूरब से पश्चिम तक पूरे प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आयी हुई है। सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। हत्या, लूट, छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। जनता भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी के जुमलों को सुन-सुनकर थक चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जब उत्तर प्रदेश को एक स्थायी डीजीपी नहीं दे सकती है तो वह कानून व्यवस्था क्या संभालेगी। यह कैसी भाजपा सरकार है जहां चारों तरफ अराजकता ही अराजकता है। भाजपा राज में महिलाएं, बच्चियां आए दिन अपमानित होती ही रहती है। अभी दो दिन पहले अपनी इज्जत बचाने के लिए एक बच्ची को आॅटो से कूदना पड़ा। वह बुरी तरह घायल हो गयी। कई छात्राओं ने छेड़खानी से तंग आकर फांसी भी लगा ली।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *