आंधी- बरसात में 50 से ज्यादा की मौत पर सपा प्रमुख ने जताया शोक
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में आंधी, बारिश, तूफान से 50 से ज्यादा लोगों की असामयिक मौतों को बेहद दुखद बताते हुए गहरा शोक जताया है।
यादव ने मृतक परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा दे और अन्य तरीके से मदद करे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में प्रदेश के दर्जनों जिलों में आंधी तूफान और बारिश से लाखों की संख्या में लोग प्रभावित हुए। दर्जनों घर गिरे, लोगों के घर-बार उजड़ गये। मुख्यमंत्री जी के गृह जिले गोरखपुर समेत कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति हो गयी। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। कई दर्जन लोगों की मौत हो गयी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार सिर्फ कागजी घोषणाएं न करें। आंधी और तूफान से पीड़ित परिवारों की सच में मदद करें। तेज आंधी तूफान से लखनऊ समेत आसपास के 10-12 जिलों में 17 लोगों की मौत हुई है। कानपुर और पास के जिलों में करीब 22 लोगों की मौत हुई है। फतेहपुर जिले में 6 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह से पश्चिमी यूपी मेरठ में दो बागपत में दो हाथरस, अलीगढ़ में एक-एक और अन्य जिलों में भी मौतें हुई हैं।
यादव ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों के साथ न्याय किया जाए। भाजपा सरकार झूठी घोषणाए करने में माहिर है। इस सरकार ने जनता से किए गए पिछले वादों को पूरा नहीं किया है। विभिन्न आपदाओं के दौरान इस सरकार ने घोषणाएं तो की लेकिन किसानों और पीड़ितों की जमीन पर मदद नहीं हुई। लोकतंत्र में जनहित और लोक कल्याण के लिए कार्य करना सरकार की जिम्मेदारी होती है लेकिन भाजपा सरकार हमेशा भेदभाव करती है। किसानों, गरीबों, पीड़तों की उपेक्षा करती है।