Dainik Athah

संकट का समय समझदारी की और भी अधिक मांग करता है: अखिलेश यादव

सपा ने मनाई महाराणा प्रताप की जयंती

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आज अद्भुत शौर्य और साहस के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। राजधानी स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में महाराणा प्रताप के चित्र पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मार्ल्यापण कर नमन किया।

अखिलेश यादव ने महाराणा प्रताप जयंती पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका त्याग बलिदान और शौर्य हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। आगे की पीढ़ियां भी उनसे प्रेरणा लेती रहेंगी। सभागार में क्षत्रिय समाज के सैकड़ों प्रतिनिधियों के राणा प्रताप अमर रहे और जय भवानी के उद्घोष के बीच श्री यादव ने समाजवादी सरकार बनने पर महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन की छुट्टी करने और रिवरफ्रंट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने की घोषणा की।
यादव ने भाजपा सरकार द्वारा कुंभ को महाकुंभ बताने पर टिप्पणी की कि कुंभ निश्चित अवधि में सदियों से होता आया है। भाजपा कुंभ में महादानी सम्राट हर्षवर्धन के योगदान की चर्चा नहीं करती। उन्होंने कहा कि जो इतिहास जोड़ता न हो उसे इतिहास ही रहने देना चाहिए। महापुरूषों का राजनीतिक लाभ नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडा में नौकरी नहीं है। भाजपा रोजगार कारोबार के विरूद्ध है। जगह-जगह होने वाले मेलों में कारोबारी आते है। व्यापार बढ़ता है। भाजपा को यह पसंद नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमें अपने देश की बहादुर सेना पर गर्व है। हम सब देश के साथ हैं। इस सम्बंध में उन्होंने एक संदेश में कहा है कि संकट का समय समझदारी की और भी अधिक मांग करता है। सभी देशवासियों से अपील है कि किसी भी अपुष्ट समाचार और सूचना पर न तो विश्वास करें, नहीं उसे आगे प्रचारित तथा प्रसारित करें। ऐसे समाचार देश के दुश्मनों द्वारा फैलाए गए झूठ भी हो सकते हैं। मतलब ये दुश्मन की चाल या साजिश भी हो सकती है। इसलिए किसी भी बहकावे या भड़कावे में नहीं आएं। अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदाराना व्यवहार करें। स्वयं शांत रहे और दूसरों को भी शांति से रहने के लिए प्रेरित करें। आपदा के इस समय में एकजुटता दिखाएं।ह्यह्य जय हिंद के नारों के साथ सभी ने इस संदेश का समर्थन किया।

अखिलेश यादव को स्मृतिचिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम के आयोजक श्री उदयवीर सिंह पूर्व एमएलसी, धर्मेन्द कुमार सिंह बबलू प्रवक्ता समाजवादी पार्टी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री श्री अरविन्द सिंह गोप ने की। कार्यक्रम में किरनमय नंदा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, वीरेन्द्र सिंह सांसद, आनंद भदौरिया सांसद, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, रमाशंकर राजभर विद्यार्थी सांसद, अरविन्द सिंह गोप पूर्व मंत्री, अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, जूही सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी महिला सभा, अनुराग भदौरिया प्रवक्ता, दुर्गा यादव विधायक, सुरेश यादव विधायक आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *