Dainik Athah

मजबूत शक्ति केन्द्र और मजबूत बूथ की संरचना 2027 में बड़ी जीत का माध्यम बनेगी: धर्मपाल सिंह

अयोध्या में अवध क्षेत्र के नव निर्वाचित मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी बैठक में संवाद

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को अयोध्या में अवध क्षेत्र के नव निर्वाचित मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी बैठक में संवाद किया। इसके साथ ही अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में अयोध्या महानगर एवं जिले के अनुसूचित वर्ग के पदाधिकारियों के साथ में चर्चा की। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि चुनाव से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों का आधार मंडल है। मंडल की मजबूत संरचना से मजबूत शक्ति केन्द्र और मजबूत बूथ की संरचना तैयार होगी, जो 2027 में भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत का माध्यम बनेगी। उन्होंने अनुसूचित जाति संवाद के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर जी के स्वप्न का भारत निर्माण हो रहा है। जिसमें सामाजिक न्याय एवं संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों से अनुसूचित जाति सहित सभी वर्गों की आर्थिक व सामाजिक उन्नति तथा राजनैतिक भागीदारी निहित है।

धर्मपाल सिंह ने मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि मंडल की कार्यसमिति गठित की जानी है। 61 सदस्यीय मंडल कार्यसमिति में 15 पदाधिकारी तथा शेष सदस्य होंगे। इसके साथ ही सभी शक्तिकेन्द्रों का प्रतिनिधित्व भी मंडल कार्यसमिति में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यसमिति गठन ने यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, महिला सहित सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व हो और पार्टी के निष्ठावान, समर्पित, परिश्रमी एवं अनुशासित कार्यकतार्ओं को स्थान मिले। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि मंडल पर पार्टी के सभी कार्यक्रम एवं अभियान प्रभावी रूप से सम्पन्न हो। इसके लिए मंडल पर निवास करने वाले पार्टी के केन्द्र से लेकर बूथ स्तर तक के सभी पार्टी पदाधिकारियों, पार्टी के पुराने नेताओं तथा कार्यकतार्ओं से सतत सम्पर्क व संवाद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यसमिति की प्रत्येक माह बैठक सुनिश्चित हो तथा मंडल अध्यक्ष अपने प्रवास सहित सभी कार्यों की डायरी मेन्टेन करने का स्वभाव बनाए। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने वाले मंडलों में मंडल कार्यसमिति का गठन किया जाना है।

धर्मपाल सिंह ने अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में कहा कि भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए देश को विकसित बनाने का लक्ष्य लेकर चलने वाली एकमात्र पार्टी है। कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी की राजनीति का उददेश्य नेहरू-गांधी परिवार तथा सैफई परिवार की राजनैतिक उन्नति में निहित है। बाबा साहेब ने संविधान की प्रस्तावना को संविधान की आत्मा कहा था। लेकिन कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना में भी संशोधन कर दिया। कांग्रेस ने सदैव बाबा साहेब का विरोध किया। यहां तक कि बाबा साहेब का अंतिम संस्कार भी दिल्ली में नही होने दिया। संविधान में 100 से अधिक संशोधन करने वाली तथा अनुसूचित जातियों को अपने राजनैतिक लाभ में उपयोग करने वाली कांग्रेस ने सत्ता के लिए सदैव अनुसूचित व पिछड़े वर्गोें का शोषण किया है। मुस्लिम तुष्टीकरण के ऐजेंडे पर राजनीति करने वाली कांग्रेस व सपा ने गुंडों, अपराधियों, माफियाओं तथा भ्रष्टाचारियों को राजनैतिक संरक्षण देने का काम किया। जिसमें सबसे अधिक शोषण अनुसूचित जातियों का हुआ। मां, बहन, बेटियों में असुरक्षा, घर, प्लॉट, खेत खलिहान में अवैध कब्जे सपा सरकार की पहचान रहे है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर सच्चे अर्थों में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सबका साथ-सबका विकास की नीति से केन्द्र व प्रदेश सरकार की सभी योजनाएं बिना भेदभाव के गरीब व वंचित वर्ग के उत्थान को समर्पित है। जिसका सबसे अधिक लाभ अनुसूचित वर्ग को मिल रहा है। भाजपा ने सदैव अनुसूचित वर्ग के आरक्षण सहित सभी संवैधानिक अधिकारों की मजबूती के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार देश व प्रदेश में झूठ व भ्रम फैलाकर राजनैतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है। भाजपा के परिश्रमी कार्यकतार्ओं को घर-घर जाकर विपक्ष के षड़यंत्र को विफल करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित अनुसूचित वर्ग तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार की अपराध पर जीरो टॉलरेन्स की नीति से बने भयमुक्त वातावरण में अनुसूचित जाति सहित सभी वर्गों का घर, दुकान, प्लॉट, खेत खलिहान तथा मां, बहन, बेटी का सम्मान सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हमें अनुसूचित वर्ग के बीच भाजपा के जनकल्याण के कार्य को लेकर पहुंचना है तथा विपक्ष के काले कारनामे भी उजागर करना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *