अथाह संवाददाता
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक उन्माद और जातीय संघर्ष बढ़ाने का काम करती है। अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की नीति पर चलती है। समाज को कभी धर्म और कभी जाति के नाम पर बांटना ही भाजपा का काम है। अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 सीटे जीत जाती तो आज सड़कों पर राइफलें और तलवारे लहरा रही होती।
यादव रविवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे थे। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत अहंकारी पार्टी है। भाजपा सरकार में बहुत अहंकार है। इस सरकार ने महाकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किया। सिर्फ अपना प्रचार किया। समाजवादी सरकार के दौरान 2013 में हमने महाकुंभ के आयोजन में बेहतरीन इंतजाम किया था। उन्होंने कहा कि उस समय के आयोजन और अनुभव के आधार पर हमने सरकार को समय-समय पर सुझाव दिए क्योंकि हम देख रहे थे कि महाकुंभ के लिए जिस तरह और जितनी तैयारी होनी चाहिए, वह नहीं हुई थी। सरकार झूठे दावे कर रही थी। यही कारण है कि महाकुंभ में भगदड़ हुई, हादसे हुए, श्रद्धालुओं को यातायात से लेकर खाने-पीने तक की तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। महाकुंभ के दौरान समाजवादी पार्टी ने जितनी सलाह दी भाजपा सरकार ने उसे नकारात्मक रूप में लिया। उन शिकायतों और सलाह पर सुधार करने के बजाय अपने अहंकार में डूबी रही और निगेटिव दुष्प्रचार करती रही।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी झूठे प्रचार, झूठे आंकड़े देने और सच छिपाने में लगे रहे। पूरी सरकार प्रोपेगंडा पर चल रही है। सरकार महाकुंभ में संगम नोज पर हुई भगदड़ की सच्चाई छिपाती रही। मृतकों की सही संख्या नहीं बतायी। शवों को अंतिम संस्कार से वंचित किया। मृतकों और घायलों के परिजन भटकते रहे। सरकार और मुख्यमंत्री जी ने साधु, संतों, महंतों से झूठ बोला। मुख्यमंत्री जी दिन भर घटना को छिपाते रहे। दावा किया था डिजीटल महाकुंभ का लेकिन कोई डेटा नहीं दे पाएं। ड्रोन की निगरानी में महाकुंभ होने का दावा किया लेकिन लगता है ड्रोन उड़ा ही नहीं। सीएम ने बता दिया कि छात्रों को मोटर साइकिल से रोजगार मिला। उनकी कमाई हुई। आखिर निजी वाहनों को कमर्शियल प्रयोग की अनुमति सरकार ने कब दी।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार कानून व्यवस्था संभालने, नौकरी, रोजगार देने समेत सभी मामलों में फेल है। इन्होंने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया। पुलिस सेवा डायल 100 खराब कर दी। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है। भाजपा के डबल इंजन के साथ-साथ अब डिब्बे भी टकरा रहे है। मुख्यमंत्री जी अपनी कुर्सी बचाने के लिए जातीय शक्ति प्रदर्शन करा रहे हैं। कम्युनल रास्ता अपना रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि कोई कपड़े पहनने से योगी नहीं होता है। भाषा, व्यवहार और विचार से योगी बनते है। भाजपा के लोगों को स्वामी विवेकानंद जी से सीखना चाहिए। स्वामी विवेकानंद जी ने अपने शिकागो के भाषण में भारतीय संस्कृति और हिन्दू धर्म के बारे में सच्चा व्याख्यान दिया था। उन्होंने बताया कि हमारी संस्कृति यूनिवर्सल एक्सेप्टेंस की है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार सभी को प्रताड़ित और परेशान कर रही है। हर वर्ग, हर समुदाय से कुछ न कुछ छीनने में लगी है। भाजपा छीनने की राजनीति कर रही है। पहले नोटबंदी कर लोगों का रुपया छीन लिया। व्यापारियों से वैट छीनकर जीएसटी लगा दिया। एग्लों इंडियन से सांसद और विधानसभा में उनके लिए आरक्षित सीटें छीन ली। अब वक्फ संशोधन कानून लाकर वक्फ की जमीनें छीनना चाहते है। समाजवादी पार्टी वक्फ कानून के खिलाफ है और रहेगी। भाजपा सरकार जैन समाज से उनके मंदिर छीन रही है। स्थिति यह है कि जैन समाज को अपनी जमीन और मंदिर बचाने के लिए सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
यादव ने कहा कि भाजपा भूमाफिया पार्टी है। इसकी नजर लोगों की जमीनों पर है। यूपी में भाजपा के लोग पहले से ही गरीबों की जमीन, तालाब, सरकारी जमीन, झगड़े की जमीन पुलिस प्रशासन के जरिए दबाव बनाकर छीन रहे है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में न्याय और सामाजिक न्याय के शासन की स्थापना होगी। सभी के साथ न्याय होगा। भाजपा के अन्यायी और अत्याचारी शासन का अंत होगा।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, सांसद एसपी सिंह पटेल, विधायक आरके वर्मा, समेत अन्य नेता मौजूद रहे।