Dainik Athah

भाजपा ने संविधान के अनुसार काम नहीं किया: अखिलेश यादव

अथाह संवाददाता
आजमगढ़।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बाबा साहब ने जो संविधान दिया है उससे बढ़कर हमारे लिए सम्मान की कोई चीज नहीं है। संविधान ने ताकत दी है। संविधान हम सबकी ढाल है। संविधान ने सभी को सम्मान दिया है। अब सबकी जिम्मेदारी है कि उस संविधान को बचाने के लिए लगातार काम करते रहे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बाबा साहब के संविधान को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को लोकतंत्र की ताकत का एहसास करा दिया है। कोई सोच नहीं सकता था कि भाजपा के इतने बड़े-बड़े लोग चुनाव हार जाएंगे।

मंगलवार को आजमगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने संविधान के अनुसार काम नहीं किया। लोकतंत्र को कमजोर किया। पीडीए के आरक्षण को छीना। जनता ने भाजपा को लोकसभा चुनाव में हराया। जनता ने ही समाजवादी पार्टी को लोकसभा चुनाव में जिताने का काम किया। समाजवादी पार्टी लोकसभा में देश की सबसे बड़ी पार्टी है। जब देश के सामने कठिन परिस्थितियां थी। लोकतंत्र और संविधान बचाने की चुनौती थी तब यहां की जनता ने समाजवादियों का साथ दिया। पीडीए परिवार ने एकजुटता दिखाई। हम समाजवादी लोग संकल्प लेकर लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
यादव ने कहा कि कल ही हम सभी लोगों ने बाबा साहब अम्बेडकर की जयंती मनाई है और हमने संकल्प लिया है कि बाबा साहब के बताये रास्ते पर चलेंगे और जो प्रभुत्ववादी और ताकतवर लोग है। जो भेदभाव पैदा करते है और अपमानित करते हैं उनसे लड़ते रहेंगे और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादियों को किसी से दो-दो हाथ नहीं करना है। हमें संविधान और कानून का सहारा लेना है। समाजवादी सरकार आने पर कानून का राज होगा। सामाजिक न्याय होगा तो आज जो लोग कानून तोड़ रहे हैं उन्हें यही पुलिस वाले कानून के अनुसार सजा देंगे।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से समाजवादियों का बेहद लगाव है। राजनैतिक परिस्थितियां चाहे जैसी रही हों लेकिन आजमगढ़ ने हमेशा समाजवादियों का साथ दिया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र के विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी, लोकसभा सांसद धर्मेन्द्र यादव सहित विधायकगण एवं पार्टी के पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *