Dainik Athah

भाजपा सरकार में अराजकता चरम पर है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में अराजकता चरम पर है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। गुण्डों और उपद्रवियों को सरकार का संरक्षण है। अपराधियों में पुलिस-प्रशासन और कानून का कोई डर नहीं है। सड़कों पर खुलेआम तलवारें और असलहें लहराये जा रहे हैं। गोली मारने की धमकियां दी जा रही है। आखिर पूरी सरकार और पुलिस प्रशासन ने चुप्पी क्यों साध रखी है?

यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार सड़कों पर ऐसी अराजकता देखी जा रही है। आगरा से लेकर बनारस तक सत्ता संरक्षण में अराजक तत्वों ने तांडव किया। सत्ता के दबाव में पुलिस बेबस है। पूरा पीडीए परिवार देख रहा हैं कि सामंतवादी ताकते सत्ता के संरक्षण में नंगा नाच कर रही है। भाजपा के इशारे पर पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों की आवाज दबाने के लिए डराना चाहती है। वाराणसी में समाजवादी पार्टी के जुझारू और प्रखर वक्ता बनारस वाले मिश्रा जी के नाम से लोकप्रिय हरीश मिश्रा पर चाकू से कातिलाना हमला निन्दनीय है। उनके रक्तरंजित वस्त्र ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था की निशानी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता ऐसे हमलों को झेलने की शक्ति रखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था संभालने और अपराध रोकने पर फेल हो चुकी है। प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। कानून व्यवस्था और अपराध पर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। प्रदेश में हो रही घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली को देखकर सुप्रीमकोर्ट भी प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस-प्रशासन अराजक तत्वों को बढ़ावा दे रहा है वहीं गरीबो, शोषितों, वंचितों और पीडीए को हर तरह से प्रताड़ित और अपमानित कर रहा है। लखनऊ में बाबा साहब की मूर्ति को हटाने का प्रशासन जो दुस्साहस कर रहा है, उसके पीछे शासन-प्रशासन का दबाव है। इसे पीडीए समाज अच्छी तरह से समझ रहा है। किसी को जातीय वर्चस्व का अंहकार कभी गोरखपुर में मूर्ति-चबूतरा हटाने का काम करवाता है तो कभी लखनऊ में अपने प्रभुत्व के दंभ को साबित करने के लिए महापुरुषों की मूर्ति हटाने का कुकृत्य करवाता है।
यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की अराजकता और गुण्डई को अब और बर्दाश्त नहीं करेगी। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस अराजक शासन का अंत करके प्रदेश में संविधान और कानून के साथ चलने वाली समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *