Dainik Athah

सत्ता के संरक्षण में दबंग और अपराधी गरीबों पर कहर ढा रहे: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय 19 विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न राज्यों से आये पार्टी पदाधिकारियों एवं नेताओं को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों के साथ अन्याय, अत्याचार की पराकाष्ठा हो गयी है। सत्ता के संरक्षण में दबंग और अपराधी गरीबों पर कहर ढा रहे हैं। गरीबों की हाय भाजपा सरकार को डुबो देगी।
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा साजिश और षडयंत्र करती है। समाज में नफरत फैलाती है। नफरत और आपसी वैमनस्यता फैलाना भाजपा का एजेण्डा है। भाजपा सरकार अराजक तत्वों को संरक्षण दे रही है। भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों ने प्रदेश को अराजकता में झोंक दिया है। जनता भाजपा सरकार से डरने लगी है। प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही है? भाजपा की सरकार में अपराधियों की तेजी से वृद्धि होने से अपराध नहीं रूक रहे हैं।
यादव ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से बहुत पीड़ित, दु:खी और अपमानित है। समाजवादी पार्टी पीड़ित, दु:खी, अपमानित लोगों के साथ है और इनकी मदद करेगी। समाजवादी पार्टी के पीडीए की ताकत के सामने भाजपा टिक नहीं पायेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं बहुत तेजी से बढ़ रही है। हर दिन बलात्कार और हत्याएं हो रही है। इस सरकार में महिलाओं का जीवन और सम्मान सुरक्षित नहीं है। भाजपा भूमाफिया पार्टी है। भाजपा के लोग प्रदेश भर में जगह-जगह जमीनों की लूट कर रहे है। गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर में भाजपा सरकार में हुई जमीनों की रजिस्ट्रियां सार्वजनिक की जानी चाहिए। सब पता चल जाएगा किसने कितनी जमीनों पर लूट और कब्जा किया है। भाजपा सरकार ने आठ वर्ष में विकास का कोई काम नहीं किया है। इस सरकार में लूट, खसोट और भ्रष्टाचार ही हो रहा है। जनता त्रस्त हो चुकी है। भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त गरीब, किसान, नौजवान भाजपा की अत्याचारी सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
यादव ने कहा कि करणी सेना हिटलर के टूपर्स की तरह है। इसे मुख्यमंत्री योगी का संरक्षण मिला हुआ है। अगर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के साथ कोई भी घटना होती है तो उसके लिए मुख्यमंत्री जी जिम्मेदार होंगे।
इस अवसर पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद जावेद अली, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी, केरल के जॉन एनटोनी, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक अताउर्रहमान, विधायक आर.के. वर्मा, संग्राम सिंह यादव, प्रभु नारायण सिंह, अमिताभ बाजपेई, आशु मलिक, पंकज मलिक, राम अवतार सैनी, विजमा यादव, कमलाकांत राजभर, सचिन यादव, सलामतुल्ला समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *