भाजपा का स्थापना दिवस अभियान 06 अपै्रल से प्रारम्भ होकर 13 अप्रैल तक चलेगा

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस अभियान के तहत बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से जनसंघ से प्रारम्भ हुई राजनैतिक यात्रा विश्व के सबसे बडे़ राजनैतिक दल के रूप में सेवा और समर्पण के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ती हुई भाजपा की यात्रा को प्रदर्शित किया गया है। कार्यकर्ता एवं जनता के अवलोकन के लिए लगाई गई।

प्रदर्शनी में जनसंघ की स्थापना, संगठन का संघर्ष, वैचारिक प्रतिबद्धता, आपातकाल की भयावहता, भाजपा की स्थापना, श्रद्धेय अटल जी का प्रधानमंत्री के रूप में ऐतिहासिक कार्यकाल, पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल विजय, प्रधानमंत्री के रूप में माननीय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 11 वर्षों की विकसित भारत की यात्रा, जम्मू कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण से पूर्ण होती प्रतिबद्धताएं, वीआईपी कल्चर की समाप्ति, एक देश-एक राशन कार्ड सहित विभिन्न ऐतिहासिक निर्णयों, लोककल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के विस्तार के साथ अमृतकाल के पंच प्रण को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकतार्ओं को प्रेरणा देने तथा स्थानीय नागरिकों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का माध्यम बनी है। प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश मंत्री शंकर गिरि, मती अर्चना मिश्रा, शिवभूषण सिंह, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहप्रभारी अतुल अवस्थी व चौधरी लक्ष्मण सिंह उपस्थित रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा की विकास यात्रा की प्रदर्शनी आज जिला मुख्यालयों पर भी लगाई गई है। जिनका उद्घाटन जिलों में निवास करने वाले प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों तथा विधायकों के द्वारा किया गया। भाजपा का स्थापना दिवस अभियान 06 अपै्रल से प्रारम्भ होकर 13 अप्रैल तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने स्थापना के काल से ही जो संकल्प तय किये थे। हमारी केन्द्र व राज्य की सरकारों ने उन संकल्पों को पूरा किया है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधा जनता तक पहुंची है तथा सुरक्षा के वातावरण का निर्माण हुआ है। केन्द्र सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण के साथ ही सीएए, वक्फ संशोधन बिल सहित राष्ट्र हित में कडे़ और बडे़ निर्णय लिए है। आज बदलता हुए भारत और बदलता हुआ उत्तर प्रदेश दुनिया को दिशा देने के लिए तैयार है।
चौधरी ने कहा कि प्रदर्शनी के साथ ही सभी विधानसभाओं में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन हो रहे है। इसके बाद गांव, बस्ती और वार्ड चलो अभियान प्रारम्भ होगा। जिसमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्य तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तथा ऐतिहासिक निर्णयों को जनता के बीच रखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मात्र राजनैतिक दल है जो अपने कार्यों और कार्यक्रमों को लेकर लगातार अपनी सरकार का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच जाकर चर्चा करता है। भाजपा ने जो भी कहा मा. मोदी जी और मा. योगी जी के नेतृत्व में उसे पूरा किया। उसी का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है।