Dainik Athah

-भाजपा षडयन्त्रकारी पार्टी है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि महात्मा बुद्ध व बाबासाहेब जैसे महापुरुष की प्रतिमाओं को हटाने पर सीतापुर में हुआ विवाद एक बड़ी सियासी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। सब जानते हैं कि वो कौन हैं जिनके इशारे पर प्रशासन ऐसा प्रहार कर रहा है। शोषित-वंचित समाज की जागरूकता नई चेतना बनकर उभर रही है, इन साजिशों की उम्र अब बहुत लंबी नहीं बची है।


यादव ने कहा कि भाजपा षडयन्त्रकारी पार्टी है। भाजपा समाज में नफरत फैलाती है। सामाजिक सद्भाव बिगाड़ती है। भाजपा पीडीए विरोधी है। भाजपा ने पीडीए के हर सम्मान और आरक्षण को छीना है। पीडीए की एकजुटता से भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। भाजपा सरकार में पीडीए के साथ षड्यंत्र हो रहा है। समाजवादी पार्टी पीडीए के साथ बाबा साहब के विरोधियों का हर स्तर पर मुकाबला करने को तैयार है। समाजवादी पार्टी सामाजिक सद्भाव, संविधान और लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं सभी इस सरकार की गलत नीतियों से त्रस्त हैं। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों सभी से झूठे वादे किये। किसानों की आय दोगुनी नही हुई। मंहगाई बढ़ने से खेती का लागत मूल्य बढ़ गया। भाजपा सरकार ने किसानों से धोखा किया। गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया। चीनी मिलों पर किसानों का हजारों करोड़ रुपए बकाया है। गेहंू की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। बिचौलिए और बड़ी कम्पनियां औने पौने दाम में किसानो की फसल खरीदकर उन्हें लूट रहे है। सरकार की उनसे मिलीभगत है। भाजपा सरकार जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दो से ध्यान हटाने के लिए नए-नए मुद्दे ला रही है। इसके समर्थक अराजक तत्व समाज में तनाव और वैमनस्यता फैलाने का काम करते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *