Dainik Athah

भाजपा में चल रही उठापठक के साथ ही अफसरशाही को लेकर हुई बात

  • बंद कमरे में करीब एक घंटा चली गोपनीय बैठक
  • सीएम योगी के साथ संघ के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
संघ- भाजपा और सरकार की समन्वय बैठक के बाद करीब एक घंटा चली गोपनीय बैठक चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संघ- भाजपा की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई समन्वय बैठक के बाद संघ- भाजपा के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक गोपनीय बैठक भी सरस्वती विद्या मंदिर में ही हुई। इस बैठक में संघ के क्षेत्र- प्रांत प्रचारकों के साथ ही संघ के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद थे। इस गोपनीय बैठक को लेकर समन्वय बैठक में मौजूद सभी लोगों को जिज्ञासा रही कि आखिर करीब एक घंटे चली बैठक में क्या चर्चाएं रही।
सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे विधायकों के रवैये जिसमें लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर का मुद्दा भी शामिल था के साथ ही प्रदेश के कुछ वरिष्ठ पुलिस- प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर भी चर्चा रही। हालांकि बैठक में उठे मुद्दों को लेकर सभी पक्ष चुप्पी साधे हुए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *