होली के बाद ही घोषित होगी भाजपा जिलाध्यक्षों की सूची
जिला चुनाव अधिकारी खुद जिलों में पहुंचकर करवायेंगे कार्यभार ग्रहण
अशोक ओझा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के लिए बड़ी खबर है। भाजपा के नये जिलाध्यक्ष होली के बाद 16 मार्च को अपना कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। इससे पहले ही सूची घोषित होने की प्रबल संभावना है।
भाजपा में बुधवार को एक खबरिया चैनल ने हड़कंप मचा दिया। चैनल ने जिलाध्यक्षों की सूची ही घोषित कर दी, जबकि भाजपा ने कोई सूची घोषित ही नहीं की। भाजपा के विश्वसत सूत्रों का कहना है कि भाजपा जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की सूची होली के त्यौहार के तत्काल बाद घोषित हो जायेगी। सूत्रों का कहना है कि नये जिलाध्यक्षों को जिला चुनाव अधिकारी स्वयं कार्यभार ग्रहण करवाने के लिए अपने संबंधित जिलों में जायेंगे। इसके लिए जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व ने यह निर्णय लिया है कि जिला चुनाव अधिकारी ही नव नियुक्त जिला और महानगर अध्यक्षों को कार्यभार ग्रहण करवायेंगे। इससे पहले अर्थात 15 मार्च को नये जिलाध्यक्षों की घोषणा की जा सकती है, जिसकी प्रबल संभावना है। सूत्रों की मानें तो भाजपा नेतृत्व ने सूची को अंतिम रूप दे दिया है, इंतजार है तो बस घोषणा की।
हालांकि बुधवार को खबरिया चैनल पर सूची घोषित होने के बाद दैनिक अथाह में फोन की घंटी घनघनाने लगी। जिसके बाद भाजपा के जिम्मेदार पदाधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने खबर को फर्जी करार दिया। इस संबंध में लखनऊ में मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि होली के बाद ही सूची घोषित होगी।