Dainik Athah

भाजपा मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बेईमानी पर उतारू है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बेईमानी पर उतारू है। भाजपा सरकार मिल्कीपुर में हर तरह की साजिश कर रही है। प्रशासन द्वारा कोटेदारों और प्रधानों पर दबाव बनाया जा रहा है। मिल्कीपुर में जनता सपा के साथ है। जनता सपा को जिताने को तैयार है लेकिन सरकार के दबाव में प्रशासन समाजवादी पार्टी को हराना चाहता है।

यादव ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी बेईमान और झूठी पार्टी है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान दोनो का तिरस्कार कर रही है। भाजपा सपा के नेताओं और कार्यकतार्ओं पर झूठे और फर्जी मुकदमें लगवाकर उन्हें परेशान कर रही है। भाजपा सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण है। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। हर विभाग में भ्रष्टाचार है। अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा राज में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा बेहद दु:खद है कि अयोध्या के ग्रामसभा सहनवां (सरदार पटेल वार्ड) से गायब दलित परिवार की बेटी का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है। उसकी दोनों आँखें फोड़ दी गई हैं। उसके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ है। प्रशासन ने पहले ही अगर परिवार की सूचना पर ध्यान दिया होता तो बच्ची की जान बचायी जा सकती थी।

अखिलेश यादव ने कहा हम उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते है कि जो दोषी हैं और जिन पुलिसकर्मियों ने इस नृशंस हत्या के मामले में लापरवाही बरती है, उन सबके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को तत्काल 1 करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए। दलित बेटी के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद समेत पूरी पार्टी आहत है। भाजपा सरकार में पीडीए के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में अराजकता कर रखा है। अयोध्या में किसानों की जमीनों की लूट हो रही है। भाजपा की भूमिका भूमाफिया की है। किसानों की जमीनों को कम कीमतों पर अधिग्रहण कर सरकार के करीबियों को दिया जा रहा है। भाजपा अयोध्या में आम जनता गरीबों, किसानों को हमेशा के लिए उजाड़ दे रही है। जनता बेहद दु:खी है। लोगों में भाजपा की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।

यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की हर साजिश और षडयंत्र के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। समाजवादी पार्टी की लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है। मिल्कीपुर में समाजवादी पार्टी की जीत से लोकतांत्रिक मूल्यों को ताकत मिलेगी। समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की भेदभावपूर्ण नकारात्मक राजनीति के बारे में बताएं और भाजपा के गलत फैसलों के कारण चरम पर पहुंची महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों को जो आज परेशानियां हो रही हैं उसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। ऐसी जनविरोधी भाजपा को अब मिल्कीपुर के मतदाता और बर्दाश्त नहीं करेंगे। वे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री अजीत प्रसाद को वोट देकर भारी मतों से जिताकर भाजपा को हराएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *