Dainik Athah

चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक चुनाव आगे बढेगें: के लक्षमण

  • भाजपा की सक्रिय सदस्यता एवं संगठन चुनाव प्रदेश बैठक संपन्न
  • संगठन के यह चुनाव हमारी पार्टी की ताकत को कईं गुना बढ़ायेंगे: डा. महेंद्र नाथ पांडेय

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी की संगठन पर्व 2024 पर आयोजित सक्रिय सदस्यता एवं संगठन चुनाव प्रदेश बैठक सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्पन्न हुई। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह एवं राष्ट्रीय सह संगठन चुनाव अधिकारी नरेश बंसल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में प्रदेश में दो लाख से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने तथा बूथ समितियों के गठन के साथ मंडल व जिला के संगठन चुनाव पर चर्चा हुई। कार्यशाला में संगठन पर्व के अन्तर्गत 5, 6 व 7 नवम्बर तक जिला स्तर पर संगठनात्मक चुनाव को लेकर कार्यशालाएं आयोजित की जायेंगी। प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने सदस्यता अभियान की रिपोर्ट बैठक में साझा की तथा प्रदेश के सहचुनाव प्रभारी मुकुट बिहारी वर्मा ने संचालन किया। सदस्यता अभियान में प्रदेश में सबसे अधिक सदस्यता करने वाले जिलों के जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय संगठन चुनाव अधिकारी केलक्ष्मण ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और हम सभी को इस पार्टी का सदस्य होने का गर्व है। देश में 10 करोड़ 50 लाख से अधिक भाजपा के सदस्य बने हैं। लम्बे संघर्ष और कठोर परिश्रम से भाजपा आज इस उच्च स्थान तक पहुंची है। पहले देश उसके पश्चात पार्टी और सबसे बाद में स्वयं का चिन्तन यही पार्टी की विचारधारा है और इस विचारधारा में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद निहित है। हम अंत्योदय के पथ पर आगे बढ़ रहे है। गरीब वंचित वर्ग को लाभ पहुंचाना हमारी विचाराधारा है। विपक्ष की विचारधारा में लूट-खसूट, स्वयं का लाभ, तुष्टिकरण, अलगाववाद निहित है। के लक्ष्मण ने कहा कि संगठन पर्व 2024 के तहत हुए सदस्यता अभियान में उत्तर प्रदेश पूरे देश में प्रथम स्थान पर है। सक्रिय सदस्यता अभियान में भी उत्तर प्रदेश बहुत आगे है। चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक चुनाव आगे बढेगें। निश्चित समय पर संगठन में परिवर्तन की परम्परा है। भाजपा की फिर एक बार सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी व सर्वसमावेशी संरचना तैयार होगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश ने सदस्यता का जो लक्ष्य लिया था उस लक्ष्य से आगे निकलकर नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकतार्ओं का अभिनंदन करता हूं। अभी सक्रिय सदस्यता अभियान चल रहा है जिसे निश्चित समयावधि मे पूरा करना है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। हम संगठन में बदलाव की प्रक्रिया की तरफ बढ़ रहे है। भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनैतिक ताकत है। विपक्ष नकारात्मक एजेंडे के सहारे राजनीति कर रहा है। भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो किसी परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने का काम नही करती है। संविधान में प्रदत्त आरक्षण की व्यवस्था को सबसे पहले लागू करने का काम भाजपा करती है। राष्ट्रवादी विचारधारा और परिवारवादी विचारधारा के बीच लड़ाई है। हमें सावधानीपूर्वक आगे बढ़ना है।

प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि सतत चलना, समन्वय बनाकर चलना, संवाद बनाकर चलना और परिवार बनाकर चलना यह भाजपा का संस्कार है और जिसका विश्व में भाजपा के अलावा कोई दूसरा उदाहरण नही है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार उत्तम प्रशासन, सुशासन एवं विकास के साथ देश की सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि संगठन महापर्व में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक हमारी सभी संगठनात्मक इकाईयां सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी हों इसका हमें प्रयास करना होगा। पाण्डेय ने कहा संगठन के यह चुनाव हमारी पार्टी की ताकत को कईं गुना बढ़ायेंगे। समाज की सभी वर्गों की भागीदारी को सुनिश्चित करते हुए हमें अपने संगठन के चुनाव समन्वय व संवाद के साथ सम्पन्न कराने हैं।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संगठन चुनाव में प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक क्षेत्र की भागीदारी को पूर्ण करते हुए हमें अपना संगठनात्मक ढांचा तैयार करना है। उन्होंने कहा कि अब जो संगठनात्मक ढांचा तैयार होगा। उसी के बल पर हम 2027 में 2017 को दोहरायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनैतिक दल है जिसमें कोई भी कार्यकर्ता अपनी क्षमताओं तथा परिश्रम के आधार पर किसी भी दायित्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने सदस्यता अभियान में उत्तर प्रदेश की उपलब्धि प्राप्त करने पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी का प्रदेश नेतृत्व तथा कार्यकतार्ओं के परिश्रम ने इतनी बड़ी संख्या में लोगों को जोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में एकमात्र राजनैतिक दल है जो संविधान के अनुरूप अपनी संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को पूर्ण करता है। उन्होंने कहा कि देश में कई दल किसी परिवार विशेष की आर्थिक व राजनैतिक उन्नति के लिए काम कर रहे है। जबकि भाजपा देश और देशवासियों की खुशहाली के लिए काम कर रही है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान की ऐतिहासिक सफलता के लिए सभी को बधाई। प्राथमिक सदस्यता अभियान आगामी 20 नवम्बर तक चलेगा। हम संगठन की सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी संरचना के द्वारा संगठन नई संरचना तैयार करने के लिए बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय सदस्यता अभियान चल रहा है प्रदेश में दो लाख से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य प्रदेश इकाई ने लिया है। संगठन के सभी स्ट्रक्चर पर बनने वाले पदाधिकारी सक्रिय सदस्य ही होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी व सह चुनाव अधिकारियों की बड़ी जिम्मेदारी है। आगामी 05, 06, 07 नवम्बर तक सभी जिलों में संगठन चुनाव कार्यशालाएं आयोजित की जायेंगी। उन्होंने कहा कि मंडल संगठन पर्व सहयोगी बूथ समितियों के गठन की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। मंडल संगठन पर्व की कार्यशालाएं भी 15 नवम्बर से पहले सम्पन्न करना है। इसके साथ ही प्रत्येक शक्तिकेन्द्र पर शक्तिकेन्द्र संगठन पर्व सहयोगी भी बनाए जायेंगे। बूथ समितियों के गठन का कार्य सक्रिय सदस्यता के पश्चात प्रारम्भ होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *