Dainik Athah

भाजपा की नीतियां नौजवानों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही हैं: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की नीतियां नौजवानों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही हैं। शिक्षा महंगी है। शिक्षित बेरोजगारी भाजपा सरकार में विकराल रूप से चुकी है। भ्रष्टाचार को भाजपा का प्रश्रय पूरी व्यवस्था के लिए अभिशाप है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जनादेश से छलकर भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की थी। भाजपा की ऐसी साजिशों से हमें अब सतर्क और जागरूक रहना होगा। 2027 में समाजवादी सरकार बनना तय है।

अखिलेश यादव यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में युवा संगठनों समाजवादी युवजन सभा, समाजवादी लोहिया वाहिनी, समाजवादी छात्र सभा तथा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में नौजवानों ने एक राय से संकल्प लिया कि समाजवादी सरकार बनाने में अब कोई चूक नहीं करनी है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार में युवाआें की समस्याओं का कोई समाधान संभव नहीं। समाजवादी सरकार में ही प्रदेश में प्रगति और खुशहाली आएगी।

यादव ने कहा कि बेकारी एक बड़ा मुद्दा है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। भर्तियों में पेपर लीक होता है। निवेश की बाते बड़ी-बड़ी हुई पर कहीं कोई निवेश नहीं आया। भाजपा सरकार में निर्दोष नौजवानों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। फर्जी एनकाउण्टर कर उनकी हत्या की जा रही है। भाजपा खास तौर पर पीडीए के नौजवानों के साथ अन्याय कर रही है। युवाओं के साथ खिलवाड़ करना भाजपा की सोची समझी नीति है। उनकी नीयत में खोट है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का वैचारिक स्तर पर समाजवादी पार्टी से कोई मुकाबला नहीं हैं विकास के क्षेत्र में भी समाजवादी पार्टी का रिकार्ड भाजपा से बहुत बेहतर है। उत्तर प्रदेश का विकास समाजवादी सरकार में ही हुआ। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल और विचारधारा ही देश को आगे ले जाती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में विकास की गति को तेज करने के लिए देश की सबसे अच्छी एलिवेटेड रोड गाजियाबाद में बनी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल, गोमती रिवरफ्रंट, जेपीएनआईसी, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का इकाना क्रिकेट स्टेडियम, विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु नये पावर हाउस बनाये गये थे। डायल 100, 102, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, कैंसर अस्पताल, गंभीर रोगों किडनी, हार्ट, लीवर, कैंसर आदि के मुफ्त इलाज की सुविधा दी। चिकित्सा, शिक्षा, स्वास्थ्य की सभी सुविधाएं नि:शुल्क की गयी थी। छात्र, नौजवान, किसान, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर समेत सभी के लिए सुविधाएं दी गई थी। किसानों के उत्पाद के लिए मंडी की व्यवस्था की गई थी तथा उनकी फसल का लाभकारी मूल्य भी उन्हें समाजवादी सरकार में ही मिला था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *