Dainik Athah

जनप्रतिनिधियों में नोएडा विधायक पंकज सिंह ने पश्चिम के जन प्रतिनिधियों को पछाड़ा

  • उत्तर प्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान, हर कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों पर संगठन की नजर
  • 25 जन प्रतिनिधियों की सूची में गौतमबुद्धनगर के 3 जनप्रतिनिधि
  • गाजियाबाद जिले से मुरादनगर प्रमुख राजीव त्यागी का नाम

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान इस समय तेजी से चल रहा है। ऐसे में संगठन की नजर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ही जन प्रतिनिधियों के ऊपर भी है कि वे कितने सदस्य बना रहे हैं। यदि देखा जाये तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने अभी तक सभी को पछाड़ कर पहले स्थान पर कब्जा कर लिया है, सूची में गाजियाबाद जिले से एकमात्र नाम ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी का है।

बता दें कि भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे देश में जोर शोर से चल रहा है, ऐसे में कोई भी खुद को पीछे नहीं रखना चाहता। यदि संगठन की बात करें तो प्रदेश के साथ ही भाजपा का क्षेत्रीय और महानगर व जिला संगठन प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ ही पदाधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों के कार्यों की दिन प्रतिदिन की समीक्षा कर रहा है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सिसौदिया ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जन प्रतिनिधियों की सदस्यता की जो सूची जारी की है उसमें उसमें नोएडा से विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह शीर्ष पर है। उन्होंने अभी तक 22 हजार से ज्यादा सदस्य बनाये हैं, वहीं सहारनपुर जिले से विधायक एवं मंत्री कुंवर बृजेश सिंह भी पहले नंबर पर आने के लिए ताकत लगा रहे हैं, उन्होंने 21 हजार से अधिक सदस्य बनाये हैं।

25 जनप्रतिनिधियों की सूची में तीसरे स्थान पर गौतमबुद्धनगर से सांसद डा. महेश शर्मा, चौथे नंबर पर नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, पांचवे नंबर पर गंगोह से विधायक कीरत सिंह, छठे नंबर पर अमरोहा के जिला पंचायत अध्यक्ष ललित सिंह तंवर, छठे पर गौतमबुद्धनगर के जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, सातवें पर अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर, आठवें पर हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, नवें पर एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, दसवें पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का नाम है। इसी प्रकार 11 वेंं नंबर पर बड़ौत विधायक केपी मलिक, 12 वें पर रामपुर मनिहारन के विधायक देवेंद्र निम, 12 वें पर बुलंदशहर सांसद भोला सिंह है। मुरादनगर ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी का नाम 17 वें नंबर पर है, जबकि, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने सूची में 21 वां स्थान प्राप्त किया है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार अब चूंकि सदस्यता अभियान चलते हुए काफी दिन हो गये हैं जिस कारण प्रमुख कार्यकर्ताओं से प्रतिदिन के आंकड़े लेकर उन्हें क्षेत्रीय व प्रदेश कार्यालय भेजा जा रहा है।

भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेजी से चल रहा है तथा प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता जिनमें जन प्रतिनिधि भी शामिल है का पूरा ध्यान सदस्यता पर है। भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सदस्यता अभियान में रिकार्ड स्थापित करेगी तथा प्रयास है प्रदेश ही नहीं देश में भी पहले नंबर पर रहे।
सत्येंद्र सिसौदिया, अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *