Dainik Athah

मोदी- योगी सरकार की योजनाएं अनुसूचित वर्ग को समर्पित: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा सदस्यता अभियान प्रदेश कार्यशाला
  • मोर्चा के कार्यकर्ता अनुसूचित वर्ग को भाजपा से जोड़ने का काम करें: धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा सदस्यता अभियान की प्रदेश कार्यशाला शुक्रवार को भागीदारी भवन, लखनऊ में संपन्न हुई। कार्यशाला को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कन्नौजिया ने सम्बोधित किया। कार्यशाला में प्रदेश सरकार के मंत्री बेबी रानी मौर्य, असीम अरूण, गुलाब देवी, विजय लक्ष्मी गौतम, दिनेश खटीक, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, प्रदेश मत्री डीपी भारती, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, पूर्व सांसद विनोद सोनकर उपस्थित रहे।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की प्रत्येक योजना गरीब, वंचित व अनुसूचित वर्ग की सामाजिक व आर्थिक उन्नति के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब डा. भीम राव अम्बेडकर से जुडे़ पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर बाबा साहेब को सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के प्रत्येक घर तक पहुंचना है और उनको सदस्य के रूप में भाजपा के साथ जोड़ना है। सदस्यता अभियान में जनसंपर्क के माध्यम से केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किये गए अनुसूचित वर्ग के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण को भी अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पहुंचाना है और विपक्ष द्वारा फैलाए गए प्रत्येक झूठ व भ्रम को उजागर करने का भी काम करना है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान को पूर्व योजना-पूर्ण योजना पर कार्य करते हुए सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी सदस्यता करना है। उन्होंने कहा कि मिस्डकॉल, क्यूआर कोड, डिजिटल तथा सीधे संपर्क से सदस्य बनाने समेत चार प्रकार से भाजपा के सदस्य बन सकते है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा को प्रदेश में 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व नेता अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पहुंचकर उन्हें भाजपा से जोड़ने का काम करेगें। हम केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ अनुसूचित जाति वर्ग के बीच में पहुंचेगें और सघन व व्यापक सदस्यता करने का काम करेगें।

अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा ने पहले भी बस्ती संपर्क के माध्यम से घर-घर संपर्क करने का काम किया है। अब और भी प्रभावी रूप से प्रत्येक बस्ती व प्रत्येक घर तक सदस्यता अभियान के माध्यम से पहुंचकर बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग से सदस्य के रूप में भाजपा से जोड़ने का काम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक मात्र राजनैतिक दल है जो अंत्योदय की नीति पर चलते हुए सही अर्थो में अनुसूचित जाति वर्ग की सामाजिक, आर्थिक व शैक्षिक उन्नति तथा राजनैतिक भागीदारी के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अनुसूचित जाति मोर्चा बौद्ध मठों, बौद्ध बिहारों, रविदास व बाल्मीकि मंदिरों सहित सभी धार्मिक, सामाजिक केन्द्रो पर भी सदस्यता अभियान के माध्यम से पहुंचेगा।

अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कन्नौजिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस ने अनुसूचित जाति वर्ग को सदैव ठगने तथा अपमानित करने का काम किया। समाजवादी पार्टी की सरकार में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ सबसे अधिक उत्पीड़न हुआ। सपा सरकार में अनुसूचित जाति वर्ग के खेत, खलिहान तथा मकानों पर कब्जे किये गए, मां, बहन, बेटी असुरक्षित थी। भाजपा की सरकार में आज कोई भी अनुसूचित जाति वर्ग सहित किसी भी वर्ग को प्रताड़ित करने, संपत्तियों पर कब्जे करने तथा बहन-बेटियों को बुरी नजर से देखने की हिम्मत नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों में सुरक्षा की गारंटी है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा अनुसूचित मोर्चा को जो 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। मोर्चा उससे अधिक सदस्य बनाएगा और बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग को भाजपा की विचारधारा तथा भाजपा परिवार से जोड़ने का काम करेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *