Dainik Athah

जनप्रतिनिधियों- कार्यकर्ताओं से लेंगे जिले का फीड बैक

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजियाबाद के एक दिनी दौरे पर
  • गाजियाबाद उप चुनाव में जीत का देंगे मंत्र
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, सांसद अतुल गर्ग, सभी विधायक, क्षेत्रीय अध्यक्ष रहेंगे मंचासीन

    अथाह संवाददाता
    गाजियाबाद।
    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद के एक दिन के दौरे पर शुक्रवार को गाजियाबाद आ रहे हैं। वे यहां पर कार्यकर्ताओं एवं जन प्रतिनिधियों के साथ ही कार्यकर्ताओं से जिले के पुलिस- प्रशासन का फीड बैक लेने के साथ ही गाजियाबाद शहर सीट विधानसभा के उप चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को मंत्र भी देंगे।
    बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरूवार से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर है। गुरूवार को उन्होंने सहारनपुर मंडल एवं मुजफ्फरनगर में कार्यकर्ताओं एवं जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। अब वे शुक्रवार को गाजियाबाद आ रहे हैं। वे लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में भाजपा के शहर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं पार्षदों के साथ ही जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे हिंदी भवन पहुंचेंगे जहां पर उनका दो घंटे का कार्यक्रम है।
    शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में शहर विधानसभा क्षेत्र के मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, सांसद अतुल गर्ग, सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, एमएलसी भी मंचासीन रहेंगे। इसके साथ ही पार्टी के महानगर के कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री का स्वागत शहर विधानसभा क्षेत्र के पार्षद करेंगे एवं विदाई पूर्व पार्षद करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही जिन कार्यकर्ताओं को बैठक में उपस्थित रहना है उनके लिए पास जारी किये गये हैं।
    मुख्यमंत्री की भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। इसका कारण यह है कि सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
    कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी गेट के पास स्थित एक पांच सितारा होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
  • बाबा का दौरा: ऐ भाई जरा देख के चलो
    प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद आगमन पर पुलिस कमिश्नरेट चौकस है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का काफिला दिल्ली से एलीवेटिड रोड, राजनगर एक्सटेंशन, कलक्ट्रेट के सामने से होकर हिंदी भवन पहुंचेगा और इसी रास्ते से वापस जायेगा। इस कारण यातायात भी उनके आगमन के दौरान बाधित रहेगा। इन रास्तों से गुजरने वालों को अतिरिक्त समय लेकर गुजरना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *