Dainik Athah

तिरंगा फहरे इसके लिए घर-घर संपर्क कर लोगों को प्रेरित भी करेंगे कार्यकर्ता: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • हर घर तिरंगा अभियान के लिए भाजपा की प्रदेश कार्यशाला का आयोजन
  • 11 से 15 तक विशेष अभियान आयोजित होगा, 11 से 13 तक हर विधानसभा में युवा मोर्चा निकालेगा तिरंगा यात्रा

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सोमवार को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कार्यशाला सम्पन्न हुई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व हर घर तिरंगा अभियान के क्षेत्र व जिलों के संयोजको सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी मुख्यालय पर कार्यशाला के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता देशवासियों के साथ मिलकर विगत वर्षों से देश भर में हर्षोल्लास के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के संकल्प की प्रतिबद्धता के साथ स्वतंत्रता दिवस को हर घर तिरंगा व तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाते आ रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 112वें संस्करण में कहा कि 15 अगस्त का दिन अब दूर नहीं है और अब तो 15 अगस्त के साथ एक और अभियान जुड़ गया है, हर घर तिरंगा अभियान। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन हर घर तिरंगा के संकल्प के साथ अभियान की विस्तृत रूपरेखा के लिए आज पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कार्यशाला आयोजित की गई। पार्टी ने निर्णय लिया है कि 11, 12, व 13 अगस्त को प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्रा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता निकालेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं स्मारकों के आस- पास स्वच्छता का कार्यक्रम चलायेंगे एवं अमर बलिदानियों, महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करके कृतज्ञ नमन करेंगे। उन्होंने कहा कि 13, 14 व 15 अगस्त को प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जन-जन से सम्पर्क करके प्रत्येक घर एवं व्यवसायिक केन्द्रों पर तिरंगा फहराने हेतु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रत्येक जनपद में गोष्ठी का आयोजन करेगी और विभाजन की त्रासदी पर चर्चा करेगी। इसके साथ ही पार्टी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस भी निकालेगी तथा विभाजन की विभीषिका पर प्रदर्शनी के माध्यम से भी नागरिकों के समक्ष चर्चा की जाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिला केंन्द्रो पर संगोष्ठी करते हुए विभाजन के काले अध्याय को याद करते हुए लाखों की संख्या में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि दी जायेगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी बडे़ पैमाने पर जगह-जगह सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रत्येक बूथ के हर घर पर तिरंगा फहरे इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को प्रेरित भी करेंगे।
चौधरी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए जिलास्तर पर 6 से 7 अगस्त तक जिला कार्यशाला आयोजित की जायेंगी। इसके साथ ही 8 से 10 अगस्त तक मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की जायेंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रदेश संयोजक प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को बनाया गया है। वहीं प्रदेश मंत्री शंकर गिरि, विजय शिवहरे, बसन्त त्यागी तथा प्रदेश प्रवक्ता डा. समीर सिंह को अभियान का प्रदेश सहसंयोजक बनाया गया है।
इससे पूर्व हर घर तिरंगा अभियान की प्रदेश कार्यशाला में प्रशिक्षण देते हुए प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए बूथ स्तर तक कार्ययोजना बनाकर कार्य करना है। प्रत्येक कार्यक्रम से स्थानीय नागरिकों को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा फहराए इसके लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकतार्ओं को योजनाबद्ध तरीके से जिम्मेदारी सौंपकर काम करना है। उन्होंने कहा कि समय से जिला व मंडलों की बैठकें सम्पन्न कर शक्तिकेन्द्र व बूथ स्तर पर अभियान को प्रारम्भ करना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *