Dainik Athah

बजट से उत्तर प्रदेश की जनता निराश जो उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री बनाता है उसके साथ भेदभाव हुआ: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने दस साल में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ायी है। जनता का शोषण किया है। यह बजट नहीं चपत है। इस बजट ने लोगों को चपत लगा दिया। बजट से उत्तर प्रदेश की जनता निराश है। डबल इंजन की सरकार से उत्तर प्रदेश की आस पूरी नहीं हुई। उत्तर प्रदेश में नौजवानों के पास नौकरी का संकट है। यह सरकार युवाओं को सम्मान जनक रोजगार नहीं दे सकती है। भाजपा की सरकार में उत्तर प्रदेश पीछे छूट गया। जो उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री बनाता है उसके साथ भेदभाव हुआ।
यादव ने कहा कि सरकार को जानकारी है कि कैंसर की बीमारी बढ़ रही है लेकिन भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के दौरान लखनऊ में बनाये गये कैंसर इंस्टीट्यूट के लिए बजट नहीं दे रही। सरकार कैंसर इंस्टीट्यूट नहीं चला पा रही है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। किसान की आय दोगुनी करने का कोई रोडमैप नहीं है। किसानों की फसलों में एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं मिला। मंडियों के लिए कोई बजट नहीं दिया गया। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चौपट है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार आपस में टकरा रही है। ऐसा लगता है उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने दिल्ली सरकार से बजट में कुछ मांगा ही नहीं। केन्द्र की सरकार ने उत्तर प्रदेश को बजट में कुछ विशेष देना तो छोड़िए उत्तर प्रदेश का नाम तक नहीं लिया। समाजवादी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जहां तक बनाया था आज भी वहीं तक रह गया। अगर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को गाजीपुर बलिया से बक्सर तक जोड़ दिया जाता तो देश में भागलपुर से दिल्ली तक पूरा एक्सप्रेस-वे मार्ग मिल जाता लेकिन सरकार ने उसके लिए बजट नहीं दिया।
यादव ने सुप्रीम् ाकोर्ट के फैसले को लेकर शीर्ष कोर्ट को धन्यवाद देते हुए कहा कि सौहार्द की जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत फैलाती है। जनता नफरत के खिलाफ एकजुट है। भाजपा अब नफरत फैलाने में सफल नहीं होगी। भाजपा का कम्युनल मुद्दा खत्म हो गया है। सम्प्रदायिकता का दिया आखिरी समय में फडफड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की सरकार चलने वाली नहीं, गिरने वाली सरकार है। यह बहुमत की सरकार नहीं है। पैकेज देकर सहयोगियों को जोड़कर रखें हुए है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *