Dainik Athah

भाजपा का अनुशासन हुआ तार-तार, पूर्व कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा चुनाव लड़ने पर अड़े

  • गाजियाबाद नगर निगम कार्यकारिणी के 6 सदस्यों के चुनाव में
  • बागी पार्षदों ने ना संगठन और महापौर को किया अनसुना
  • जब हम पांच पार्षद कार्यकारिणी में भेज सकते हैं तो चार क्यों: राजीव शर्मा

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भाजपा में प्रदेश स्तर पर तो अनुशासन को तार तार किया ही जा रहा है, अब नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में भी ऐसा ही हो रहा है। भाजपा ने कार्यकारिणी के लिए चार नाम तय किये, लेकिन नामांकन सात ने कर दिये। दो का नामांकन तो मान मन्नोवल के बाद वापस ले लिया गया, लेकिन राजीव शर्मा अपना नाम वापस लेने को तैयार नहीं है। अब कार्यकारिणी की बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
बता दें कि गाजियाबाद नगर निगम जब से बना है तब से भाजपा का ही कब्जा चल रहा है। नगर निगम की कार्यकारिणी के छह पद खाली थे, इन्हीं पदों लिए शुक्रवार को चुनाव होना था। कार्यकारिणी के छह पदों को भरने के गुरुवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महापौर, सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी की बैठक में चार प्रत्याशियों पार्षद नरेश भाटी, अमित मुदगल, पूनम सिंह और नीरज गोयल का नाम तय किया गया था। लेकिन भाजपा के आठ पार्षदों ने नामांकन भर दिया।

भाजपा पार्षद राजीव शर्मा, नीलम भारद्वाज, योगेंद्र सिंह और संजय सिंह ने भी कार्यकारिणी चुनाव के पर्चे दाखिल कर दिए। माना जा रहा है कि भाजपा अपने पार्षदों को केवल चार पदों पर सीमित रखकर दो पद दूसरे दलों के पार्षदों को देना चाहती थी लेकिन भाजपा पार्षदों के अड़ियल रवैये के सामने भाजपा की रणनीति धरी रह गई। मना मनौव्वल के बाद इंदिरापुरम के भाजपा पार्षद संजय सिंह ने नामांकन वापस लिया। यह स्थिति तब रही जब महापौर ने चेतावनी तक जारी कर दी थी कि अनाधिकृत उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस न लिए तो भाजपा से निष्कासन करा दिया जाएगा। वैशाली से पार्षद नीलम भारद्वाज पर महापौर सुनीता दयाल ने नामांकन वापस लेने का दवाब बनाया तो माहौल बिगड़ गया। नीलम भारद्वाज ने भरे सदन में धमकाने का आरोप लगाते हुए चुनाव का बहिष्कार करने के ऐलान कर दिया और सदन से वॉक आऊट कर गईं।

अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ सदन
भाजपा पार्षद राजीव शर्मा ने तमाम मान मनव्वल के बाद अपना पर्चा वापस लेने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद महापौर ने अनिश्चित काल के लिए सदन को स्थगित करने की घोषणा कर दी। 20 जुलाई को होने वाली बैठक भी स्थगित कर दी गई।

जब हम पांच कार्यकारिणी सदस्यों को विजयी बना सकते हैं तो चार क्यों: राजीव शर्मा

भाजपा पार्षद राजीव शर्मा ने कहा कि सदन में हमारे पास पर्याप्त संख्या में पार्षद है जिससे हम पांच सदस्यों को कार्यकारिणी में भेज सकते हैं, ऐसे में विपक्ष को एक सदस्य अतिरिक्त भेजने का मौका देना कहां तक उचित है। उन्होंने कहा वे नाम वापस नहीं लेंगे।

भाजपा में अनुशासन भंग नहीं हुआ है। कुछ ने नाम वापस ले लिये और शेष से बात की जा रही है। इसके साथ ही यह मंथन भी किया जा रहा है कि यदि हम पांच पार्षद कार्यकारिणी में भेज सकते हैं तो इस पर भी निर्णय हो सकता है। जल्द ही स्थिति साफ हो जायेगी। उच्च पदाधिकारियों को भी स्थिति से अवगत करवा दिया गया है।

संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *