Dainik Athah

इसीलिए प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी की जुबान लड़खड़ाने लगी है: अखिलेश यादव

  • सलेमपुर- बलिया में सपा प्रमुख ने कहा भाजपा बुरी तरह हारने जा रही है
  • जुबान उसी की लड़खड़ाती है जिसका आत्मविश्वास लड़खड़ा जाता है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी रमाशंकर राजभर और लोकसभा क्षेत्र बलिया से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सनातन पाण्डेय के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए ऐतिहासिक मतो से जिताने की अपील की।
भीषण गर्मी और तपती दोपहरी में विशाल चुनावी जनसभाओं में उमड़े जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बलिया का बल समाजवादी पार्टी को जिताने जा रहा है। पश्चिम से पहले चरण के चुनाव में जो जीत की शुरूआत हुई है पूर्वांचल में सातवें चरण में उससे ज्यादा उत्साह और जोश है। छठवें चरण में इंडिया गठबंधन के पक्ष में हुई बम्पर वोटिंग से भाजपा का सफाया हो गया है। भाजपा के लोग चार सौ पार का नारा दे रहे थे, वे सातवें चरण में चार सौ सीट हार कर जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा बुरी तरह हारने जा रही है। इसीलिए प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी की जुबान लड़खड़ाने लगी है। जुबान उसी की लड़खड़ाती है जिसका आत्मविश्वास लड़खड़ा जाता है। इनको हार का एहसास हो गया है। इनकी भाषा बदल गयी है। अब जनता इनको बदलने जा रही है। पूरे देश में बदलाव की लहर चल रही है। उत्तर प्रदेश में सपा इस बार जीत के अपने पुराने रिकार्ड को तोड़ देगी। सपा रिकार्ड तोड़ सीटे जीतने जा रही है।

यादव ने कहा कि इस बार देश की 140 करोड़ जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी। भाजपा ने किसानों, नौजवानों से झूठ बोला। महंगाई बढ़ाकर किसान को संकट में डाला। लागत बढ़ाकर खेती करना महंगा कर दिया। किसान को उनकी फसलों का लागत मूल्य नहीं मिला। भाजपा सरकार ने मुनाफा कमाने के लिए खाद की बोरी से चोरी करायी। डीएपी के साथ नैनो यूरिया जबरदस्ती खरीदवाया। किसान कर्ज में चला गया। भाजपा सरकार ने सिर्फ उद्योगपतियों के लिए काम किया। किसानों की मदद नहीं की। इस सरकार ने उद्योपगतियों का 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा की दस साल की सरकार में गरीबी और कर्ज से परेशान होकर एक लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन छीनने का षड्यंत्र किया। किसानों ने आंदोलन किया। भाजपा सरकार पीछे हटने पर मजबूर हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई बढ़ा दी है। साइकिल से लेकर मोटरसाइकिल सब चीजों के दाम बढ़ा दिया। डीजल, पेट्रोल, रसोईगैस, खाने पीने की सब चीजों के दाम बढ़ा दिए हैं। महंगाई से जनता का हर वर्ग परेशान है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर राषन बढ़ाकर देंगे। राशन के साथ पौष्टिक आटा और मोबाइल चलाने के लिए मुफ्त डाटा दिया जाएगा। तीस लाख सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर नौजवानों को नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने सभी लोगों को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ। भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ। भाजपा हटाओ लोकतंत्र बचाओ। भाजपा ने बहुत झूठ बोला है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *