Dainik Athah

2024 में उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई होना तय है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव-2024 में उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई होना तय है। लगातार पांच चरणों के मतदान में भाजपा का ग्राफ गिरता रहा है। पूर्वांचल से भारतीय जनता पार्टी का पूरी तरह से सफाया होगा। समाजवादी पीडीए परिवार इंडिया गठबंधन के साथ जिस तरीके से मिलकर भाजपा का सफाया कर रहा है उससे साफ जाहिर है कि छठवें और सातवें चरण के चुनाव में इंडिया गठबंधन लोकसभा की 27 की 27 सीटें जीतकर इतिहास रचने जा रहा है।
यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता से जितने झूठे वादे किए उससे व्यापक आक्रोश है। लोगों को अब भाजपा नेतृत्व के वादों और गारन्टी पर तनिक भी विश्वास नहीं हो रहा है। भाजपा ने लोगों को वैक्सीन लगवाकर उनका जीवन संकट में डाल दिया। वैक्सीन कम्पनी अपनी वैक्सीन वापस ले रही है लेकिन जो वैक्सीन लोगों को लग गयी है वो अब कैसे वापस होगी? वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी इलेक्टोरल बांड से वसूली कर ली। कम्पनियों ने महंगाई बढ़ाकर लोगों को लूटा है। इसीलिए भाजपा जनता के मुद्दों से मुंह चुरा रही है और मतदाताओं को दूसरे मुद्दों से भटकाने में लग गई है। लेकिन सच यही है कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। जनता का भरोसा भाजपा पूरी तरह से खो चुकी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि खेतीबाड़ी से जुड़े लोग जानते हैं कि 10 साल में किसान सबसे ज्यादा परेशान रहा है। किसान की आय दुगनी तो हुई नहीं उत्पादन लागत बढ़ा दी गई। बिजली, खाद, कीटनाशक, डीजल, पेट्रोल सब महंगा कर दिया। किसान लगातार घाटे में जा रहा है। किसान को एमएसपी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि नौजवानों की एक तिहाई जिंदगी बेकार हो गई है। नौकरी, रोजगार के सभी अवसर बंद है। बड़ी कम्पनियां छंटनी कर रही है। सरकार पेपर लीक कराकर पेपर रद्द करने का बहाना बनाकर नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। 30 लाख नौकरियां खाली है पर भाजपा सरकार भर्ती नहीं कर रही है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब ज्यादा गरीब हुआ है जबकि बड़े-बड़े उद्योगपतियों को बैंक से लिया गया 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ करने के बाद उन्हें फिर कर्ज दिया गया है। भाजपा सरकार में बैंक से कर्ज लेकर तमाम बड़े कारोबारी विदेश भाग गए। आज तक उनको कानून के घेरे में नहीं लाया जा सका है। इसके विपरीत भाजपा ने ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स विपक्षी नेताओं के पीछे लगाकर उनका उत्पीड़न कर रही है। उनका उत्पीड़न और अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। समाज को बांटने की साजिशें हो रही है। बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान में दिया गया आरक्षण समाप्त किया जा रहा है। भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा खतरा लोकतंत्र और संविधान पर है। संविधान रहेगा तो जनसामान्य को न्याय मिलेगा। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा के साथ हक और अधिकार मिलेगा। भाजपा आरक्षण विरोधी है इसीलिए आउटसोर्स से भर्तियां की जा रही है। सामाजिक न्याय से भाजपा को परहेज है। वह जनता के अधिकारों को छीनकर अंधेर राज चलाना चाहती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जबसे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने मिलकर इंडिया गठबंधन बनाया है तब से दिल्ली और लखनऊ के डबल इंजन आपस में टकराने लगे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार, से परेशान मतदाता भाजपा का सफाया कर रहे हैं। क्योटो वाराणसी सीट भी जनता के गुस्से से बचने वाली नहीं है। जनता ने ठान लिया है कि इस बार भाजपा को सत्ता में फिर नहीं आने देना है। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव जहां सरकार बदलने के लिए है वहीं यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का भी चुनाव है। यह मौका दोबारा मिलने वाला नहीं है। इसलिए मतदाताओं से अपील है कि समाजवादी पार्टी पीडीए इंडिया गठबंधन मिलकर उत्तर प्रदेश की सभी 80 की 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीरो कर दें। संविधान और लोकतंत्र बचाने का यह मौका न चूकें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *