Dainik Athah

पूर्वांचल की जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है: अखिलेश यादव

आजमगढ़ में सपा प्रमुख की जनसभा

अथाह संवाददाता
आजमगढ़।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए ऐतिहासिक वोटो से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है। पूर्वांचल में जिस तरह का माहौल है, उससे भाजपा का सभी सीटें हारना तय है। इस बार भाजपा वाराणसी भी हार जायेगी। इंडिया गठबंधन सभी सीटों पर बहुत आगे है। चार जून को जब मतगणना होगी तो एक फिल्म रिलीज होगी। उसका नाम होगा एक थी भाजपा।

यादव ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को ऐसी मात देगी कि इनको कुछ समझ में नहीं आयेगा। आजमगढ़ में चुनाव अलग तरह का है। चुनाव में आजमगढ़ के लोग रिकार्ड मतों से जिताएंगे। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ का नाम लेते ही भाजपा नेताओं को परेशानी हो जाती है। आजकल उनके नेताओं की भाषा बदल गयी है। अन्दर अन्दर डरे हुए है। जिस तरह से पहले चरण से वोट पड़ना शुरू हुआ है। देश 140 करोड़ की जनता भाजपा को 140 सीट के लिए तरसा देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हर चरण में नीचे जा रही। हर चरण में भाजपा को लेकर जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सातवें चरण में जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर होगा। भाजपा नेताओं ने बड़ी-बड़ी बातें करके जनता को गुमराह किया। किसान की आय दोेगुनी नहीं हुई। खेती की लागत बढ़ गयी है। लगातार महंगाई बढ़ाकर किसानों, गरीबों का जीवन संकट में डाल दिया है। भाजपा सरकार ने दस साल में बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए नीतियां बनायी। उनका 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा किसान विरोधी है। तीन काले कानून लाकर भाजपा सरकार ने किसानों की फसल और जमीन छीनने की साजिश रची। किसानों ने आंदोलन किया। एक हजार किसान शहीद हुए। किसान लगातार आंदोलन करते रहे और इस सरकार को पीछे हटना पड़ा। भाजपा सरकार ने किसानों को बहुत अपमानित किया। एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया।

यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन सरकार विभिन्न विभागों में खाली पड़े तीस लाख सरकारी पदों को आरक्षण देकर भरेगी। नौजवानों को नौकरी देगी। भाजपा सरकार ने सेना में नौजवानों की नौकरी को अग्निवीर योजना कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार अग्निवीर योजना स्वीकार नहीं करेगी। इस योजना को खत्म कर नौजवानों को पहले की तरह सेना की पक्की नौकरी देगी। भाजपा के सारे वादे झूठे है। उन्होंने कहा कि बसपा ने भाजपा से अंदर ही अंदर हाथ मिला लिया है। इसलिए बहुजन समाज के लोग सावधान होकर बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को जिताएं। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से समाजवादियों का गहरा रिश्ता है। सपा की सरकार में आजमगढ़ में प्राथमिकता से विकास कार्य हुए है। एक्सप्रेस-वे दिया। मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, स्कूल सब दिया। समाजवादी लोग हमेशा आजमगढ़ का सम्मान करेंगे। विकास और खुशहाली के लिए काम करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से सावधान रहना है। वह बूथ लूटने के नए-नए तरीके अपनाती है। इसलिए सभी लोग सतर्क रहे। अपने वोट और बूथ की रक्षा करे। हर हालत में बूथ पर पहुंचकर वोट डालकर धर्मेन्द्र यादव ऐतिहासिक मतों से जितायें। धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि आजमगढ़ को नेताजी अपनी धड़कन मानते थे। दिल के करीब मानते थे। आजमगढ़ की सेवा करना सौभाग्य की बात है। मै आजमगढ़ के लोगों के मान-सम्मान, स्वाभिमान की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का काम करूंगा। संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण बचाने की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *