Dainik Athah

सपा और कांग्रेस के नेता झूठ के नमक की नाव पर सवार हैं: स्वतंत्र देव सिंह

अथाह संवाददाता
जौनपुर।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को इंडी गठबंधन पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता झूठ के नमक की नाव पर सवार हैं और उनकी चाहत चुनावी वैतरणी पार करने की है। मजे की बात है कि हर चरण के साथ उनकी नमक की नाव गलती जाती है और उनके झूठ का पदार्फाश होता जाता है। उन्होंने कहा कि मित्रों, सातवाँ चरण आते आते सपा-कांग्रेस के नेता अपने ही झूठ के दलदल में डूब जाएँगे। उन्होंने मंगलवार को जौनपुर लोकसभा में पार्टी प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मोदी पर अटूट विश्वास और भाजपा के बूथ की ताकत की बदौलत देश की जनता ने पांचवे चरण में भाजपा को बहुमत के पार पहुंचा दिया है। अब छठे और सातवें चरण में रिकॉर्डतोड़ मतदान करवा कर जीत के अंतर को ऐतिहासिक बना देना है।

सिंह ने कहा कि कमल के निशान के पीछे मोदी के दस सालों में किए गए काम हैं, श्री राम का गगनचुंबी मंदिर है, आवास है, राशन है, गैस सिलेंडर, मुफ़्त बिजली कनेक्शन, किसान निधि है, महिलाओं को बराबरी का दर्जा है। वहीं सपा-कांग्रेस के पास झूठ और फरेब की नाव जो चुनाव में गोते लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंदिरा गांधी जी के समय से गरीबी हटाओ का नारा दे रही है। इनका नारा 2024 में भी जारी है लेकिन जनता नारों पर नहीं काम पर भरोसा करती है। जनता परिवार की राजनीति पर नहीं कामदारों पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि इनके झूठ जा जवाब जनता देगी और इतनी जोर से ईवीएम की बटन दबायेगी कि उसकी गूंज दिल्ली तक सुनायी दे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *