Dainik Athah

अब गरीबों के हक पर कोई भी डाका नहीं डाल सकता, यह मोदी की गारंटी है: केशव प्रसाद मौर्य

अथाह संवाददाता
महोबा।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महोबा में हमीरपुर लोकसभा की जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 34 लाख करोड़ रुपए लाभार्थियों के खाते में पहुंचाया है। अब गरीबों के हक पर कोई भी डाका नहीं डाल सकता, यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस गरीबों के हक का 85 फीसदी कमीशनखोरी व दलाली से हड़प जाते थे। कांग्रेसी, सपाई, बसपाई कमीशन कल्चर को मोदी सरकार ने खत्म किया है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में 4 करोड़ लोगों को आवास मिला, 80 करोड़ लोगों नि:शुल्क राशन मिल रहा है। 4 जून को 4 बजे 400 पार होते ही 3 करोड़ गरीबों को पक्के मकान तथा देश की 80 करोड़ जनता को नि:शुल्क राशन मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा गरीबी हटाओं का नारा लगाते रहे और सिर्फ अपने परिवार का भला करते रहे। जब गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना तो 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया। मोदी ने हर घर तक नल से जल पहुंचाने का काम किया। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि भ्रष्टाचार मुक्त देश के संकल्प के साथ कांग्रेस मुक्त देश तथा सपा व बसपा मुक्त उत्तर प्रदेश के लिए मतदान करना है।

मौर्य ने कहा कि 2014 में सपा व कांग्रेस का गठबंधन था, 2019 में सपा व बसपा का गठबंधन था। लेकिन कोई भी गठबंधन टिक नहीं पाया। 2024 में भी कोई गठबंधन नहीं टिकेगा। अखिलेश यादव कन्नौज से तथा राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव हार रहे है। उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी की लहर थी, 2019 में मोदी की आंधी थी और 2024 में मोदी की सुनामी चल रही है। उन्होंने कहा कि मोदी ने जम्मूकश्मीर से 370 हटाने का वादा किया तो उसको पूरा किया। अब हर बूथ पर पिछले चुनाव में मिले भाजपा के मतो में 370 से अधिक मतो को जोड़कर कमल खिलाना है। हर बूथ पर कमल खिलेगा तो भारत तरक्की के रास्ते पर और आगे बढेगा। हर बूथ पर कमल खिलेगा तो भारत के हर गरीब, युवा, अन्नदाता ओर महिलाओं के चेहरे पर खुशहाली आएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *