Dainik Athah

देश की जनता ने चुनाव को अपने हाथ में ले लिया है: अखिलेश यादव

  • लोकसभा चुनाव जनता खुद लड़ रही है

अथाह ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को राजधानी लखनऊ के दुबग्गा में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी आरके चौधरी और लखनऊ लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा के पक्ष में और बाराबंकी में इंडिया गठबंधन कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के पक्ष में संयुक्त चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया।
यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव जनता खुद लड़ रही है। देश की जनता ने चुनाव को अपने हाथ में ले लिया है। चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है भाजपा को लेकर जनता की नाराजगी बढ़ती जा रही है। सातवें चरण के चुनाव तक जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है। 2024 का चुनाव संविधान मंथन का चुनाव है। एक तरफ समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन है जो संविधान बचाना चाहती है, दूसरी तरफ संविधान भक्षक भाजपा है। इस बार जनता संविधान बदलने की बात करने वालों को बदल देगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा की डबल इंजन सरकार से एक इंजन पहले से गायब है। चुनाव बाद दिल्ली वाला इंजन भी गायब हो जायेगा।
उन्होंने कहा है कि भाजपा की हर बात झूठी निकली। इनका हर वादा झूठा निकला। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई के कारण फसलों की लागत बढ़ी। हर चीज, कीटनाशक दवाई, डीजल, जरूरत का सामान महंगा कर दिया लेकिन सरकार ने किसानों की मदद नहीं की। भाजपा सरकार किसानों की जमीन छीनने और फसल लूटने के लिए तीन काले कानून लायी थी। किसानों ने आंदोलन किया। हजारों किसान शहीद हुए। भाजपा ने किसानों को अपमानित किया। लेकिन किसान पीछे नहीं हटा। अंतत: भाजपा सरकार को पीछे हटना पड़ा। तीनों काले कानून रद्द हुए। भाजपा सरकार ने किसानों की फसलों की कीमत नहीं दी। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। इसने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों के सभी कर्ज माफ करेगी। भाजपा सरकार ने किसानों की तरह नौजवानों को भी धोखा दिया। नौकरियां नहीं दी। भर्ती परीक्षाओं के जो पेपर हुए सब लीक हो गये। भाजपा नौकरी रोजगार नहीं देना चाहती है। इसने जानबूझकर पेपर लीक कराये। नौजवानों के भविष्य के साथ छल किया। एक तिहाई जीवन बर्बाद किया है। इस बार नौजवान भाजपा को उखाड़ फेंकेगा।
जनसभा को इंडिया गठबंधन कांग्रेस के प्रत्याशी तनुज पुनिया, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, समाजवादी पार्टी के नेता पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, फरीद महफूज किदवई, रामसागर रावत, गौरव रावत समेत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने सम्बोधित करते हुए तनुज पुनिया को भारी मतों से जिताने की अपील की। मोहनलालगंज में आयोजित चुनावी जनसभा को लखनऊ से प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा, पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा, मोहनलालगंज से प्रत्याशी आरके चौधरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत ने सम्बोधित करते हुए इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों को जिताने की पील की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *