Dainik Athah

यूपी में दो शहजादे जाति-धर्म पर वोट माँगने निकले : अनुराग ठाकुर

फ़तवे और फ़रमान से नहीं, बाबा साहब के संविधान से चलेगा देश : अनुराग ठाकुर

बस्ती/सिद्धार्थनगर/लखनऊ । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज अपने उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान कहा यह देश किसी फतवे या फरमान से नहीं बल्कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी के संविधान से चलेगा। मोदी जी के 10 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के बाद अब जाति और धर्म के नाम पर वोट मांगने की राजनीति नहीं चलने वाली। अनुराग सिंह ठाकुर ने बस्ती में सांसद हरीश द्विवेदी के नामांकन व रोड शो में उपस्थित रह कर विशाल जनसभा को संबोधित किया व साथ ही डुमरियागंज सांसद श्री जगदंबिका पाल जी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

अनुराग ठाकुर ने यह बातें उत्तर प्रदेश के बस्ती में कहीं जहां कुछ नेताओं द्वारा लोगों से वोट जिहाद करने की मांग की खबरें सामने आईं थीं। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य अब जिहाद और फसाद में नहीं है। ऐसी बातें करने वालों का भविष्य अब खुद खतरे में आने वाला है क्योंकि आज दिल्ली में गोरी, गजनवी और मुगलों का शासन नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों द्वारा संवैधानिक रूप से चुनी हुई सरकार का शासन है। उत्तर प्रदेश में दो शहज़ादे फिर से जाति, धर्म और तुष्टिकरण की राजनीति के आधार पर जनता को ठगने निकले हैं। मगर देश और उत्तर प्रदेश का भरोसा सिर्फ़ मोदी जी की गारंटी और कमल निशान पर है”
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति करती है इसीलिए उसने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में एससी, एसटी और ओबीसी भाइयों बहनों का आरक्षण छीन कर मुसलमानों को दिया। भारतीय जनता पार्टी हमेशा से एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण की पक्षधर रही है और सिर्फ़ तुष्टिकरण के लिए किसी विशेष धर्म को आरक्षण के देने के सख्त खिलाफ है। भाजपा ने विकास किसी कि जाति और धर्म को देखकर नहीं किया और भाजपा के विकास कार्यों का सबसे ज़्यादा लाभ हमारे मुसलमान भाइयों बहनों को मिला है। क्योंकि हम तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टीकरण की राजनीति करते हैं।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश में बम धमाके होते थे और सरकार कुछ नहीं करती थी। हमारी सरकार आई तो हमने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा। विपक्ष के लोग तो संसद हमले के आरोपी अफजल गुरु की फांसी को रुकवाने के लिए रात के 2ः00 बजे सुप्रीम कोर्ट गए थे। आज राहुल गांधी ने देश के टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगाने वाले को दिल्ली से टिकट दिया है। आज देश की और उत्तर प्रदेश की जनता विपक्ष का भ्रष्टाचार और आतंकवाद को संरक्षण देने वाला चेहरा पहचान चुकी है इसीलिए उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जी की सरकार ने माफिया राज खत्म किया और केंद्र में मोदी जी की सरकार ने देश से आतंकवाद खत्म किया।“

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *