Dainik Athah

गाजियाबाद लोकसभा चुनाव 2024: मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी की मेहनत पर टिका है अतुल गर्ग का भविष्य

  • मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र की बढ़त से तय होगा प्रत्याशियों का भाग्य
  • ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी भी चुनाव में विधायक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुटे रहे
  • अजीत पाल त्यागी का दावा, अतुल गर्ग मुरादनगर से सवा लाख मतों से विजयी होंगे

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
गाजियाबाद लोकसभा चुनाव के गणित को लेकर राजनीतिक दिग्गज दिन रात एक किये हैं, लेकिन हर दिन कोई ऐसा तथ्य सामने आ जाता है जो दिग्गों की अब तक की मेहनत को धराशायी कर देता है। गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में दो ही ऐसे विधानसभा क्षेत्र है जो किसी भी प्रत्याशी की हार जीत को तय कर देते हैं। यदि इसमें से मुरादनगर विधानसभा को लें तो भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग का पूरा दारोमदार इसी क्षेत्र पर टिका है। यह ऐसा विधानसभा क्षेत्र था जहां खुद विधायक अजीत पाल त्यागी ने अकेले दम पर पूरा चुनाव लड़ा। इस क्षेत्र में अन्य नेताओं की आमद न के बराबर थी।

बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में खुद अजीत पाल त्यागी ने मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से करीब एक लाख मतों से विजयी हुए थे। लोकसभा चुनाव 2024 की बात करें तो एक तरफ जहां लोनी में नेताओं की पूरी फौज चुनाव लड़वा रही थी, वहीं मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में अकेले विधायक अजीत पाल त्यागी ऐसे चुनाव लड़ रहे थे जैसे यह उनका खुद का चुनाव हो। इस क्षेत्र में न तो किसी बड़े नेता की सभा हुई और न ही कोई भारी भरकम जिले का नेता इस तरफ झांकने आया।
इतना अवश्य है कि मुरादनगर क्षेत्र के नेता अवश्य अजीत पाल त्यागी के साथ भाजपा संगठन के लोगों के साथ ही मुरादनगर ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी और रजापुर ब्लाक प्रमुख पति राहुल चौधरी डैनी नजर आ रहे थे। पाइप लाइन क्षेत्र के गांव रजापुर ब्लाक के अंतर्गत आते हैं। इस कारण उनका चुनाव में लगना भी आवश्यक था। इसके साथ ही महानगर महामंत्री गोपाल अग्रवाल भी क्षेत्र में नजर आ रहे थे।

ुमुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मानें तो ऐसा लग रहा था कि चुनाव अतुल गर्ग का न होकर अजीत पाल त्यागी का हो। यहीं कारण है कि चाहे प्रत्याशी के कार्यक्रम हो अथवा पार्टी के, सभी क्षेत्रीय विधायक की देखरेख में ही आयोजित हो रहे थे। चुनाव वाले दिन भी हमने देखा कि भरी दोपहर में अजीत पाल त्यागी पहले शहर एवं बाद में देहात में मोर्चा संभाले हुए थे।

अजीत पाल त्यागी के बाद मुरादनगर ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी भी लगातार क्षेत्र में डेरा डाले हुए थे। राजीव त्यागी भी अजीत पाल त्यागी के नेतृत्व में ही अपने काम को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने गांवों में मोर्चा संभाला हुआ था। दूसरी तरफ यदि देखें तो कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के साथ ही उनके पिता नरेंद्र भारद्वाज और महानगर व जिले के अध्यक्षों के पास मुरादनगर की कमान थी। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी विधानसभा चुनाव में बहुत पीछे रहे, ऐसे में जमानत बचने की तो उम्मीद भी नहीं थी। इस स्थिति में भाजपा और उसके प्रत्याशी का पूरा दारोमदार विधायक अजीत पाल त्यागी पर ही था। अब चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कितने मतों की लीड इस क्षेत्र से बना पायेंगे इसको लेकर हर कोई अलग अलग दावे कर रहा। जबकि विधायक अजीत पाल त्यागी चुनाव में भारी अंतर से जीत को लेकर आश्वस्त नजर आते हैं।

  • मुरादनगर से मिलेगी सवा लाख मतों से लीड: अजीत पाल त्यागी

मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने दैनिक अथाह से बात करते हुए दावा किया कि मुरादनगर क्षेत्र से अतुल गर्ग की जीत उनसे खुद से अधिक होगी। लेकिन कितने से?। इस सवाल पर त्यागी कहते हैं कि मुरादनगर से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग सवा लाख मतों से जीतकर निकलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *