Dainik Athah

मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है: स्वतंत्र देव सिंह

अनेक संगठनों ने दिया भाजपा को समर्थन

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की उपस्थिति में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को विभिन्न राजनैतिक एवं सामाजिक संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की नीति से प्रभावित होकर भाजपा को समर्थन की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह प्रभारी हिमांशु दुबे सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय राय ने किया।

भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने वाले दलित शोषित पिछड़ा वर्ग अधिकार दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बलवीर प्रजापति, अपनी पार्टी सेकुलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान, पूर्वांचल मुक्ति फाउन्डेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम सुन्दर स्वामी उर्फ श्यामानन्द महाराज, राष्ट्रीय निषाद संघ के प्रदेश अध्यक्ष कैलाशनाथ निषाद, हिस्सेदारी मोर्चा के संयोजक कृष्ण गोपाल सिंह कश्यप, राष्ट्रीय लोनिया चौहान एकता परिषद के राष्ट्रीय संयोजक छविराम सिंह लोनिया, राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय संयोजक हरवंश सिंह, अखंड जलवंशी सेवा संस्थान अखंड जलवंशी सेना के अध्यक्ष अजय कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपने संगठनों का समर्थन पत्र सौंपते हुए अबकी बार 400 पार के संकल्प को पूर्ण करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता प्रकट की।

भाजपा के चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है। साथ ही गांव, गरीब, किसान, महिला, मजदूर तथा युवाओं की आर्थिक व सामाजिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मोदी सरकार में सबको घर, नल से जल, शिक्षा, चिकित्सा तथा सुरक्षा की गारंटी है। देश के सांस्कृतिक केन्द्रो के विकास से देश का गौरव भी बढ़ा है तथा पर्यटन के रूप में विकास से रोजगार के अवसर भी सृजित हुए है। उन्होंने भाजपा को समर्थन देने वाले सभी संगठनों का अभिनंदन करते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के आर्थिक, सामरिक तथा सांस्कृतिक उत्थान के साथ देश के प्रत्येक नागरिक की आत्मनिर्भरता का लक्ष्य लेकर सतत कार्य कर रहे है। वहीं दूसरी ओर सपा, बसपा व कांग्रेस जैसे विपक्षी दल अपने परिवार की आर्थिक व राजनैतिक उन्नति के लिए चुनाव मैदान में है। आप सभी ने अन्त्योदय की नीति को समर्थन देकर मोदी को मजबूत करने का संकल्प लिया है। आप सभी का अभिनंदन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *