Dainik Athah

यूपी के दोनों लड़के मैदान से नहीं प्रेस कांफ्रेंस से प्रचार कर रहे हैं: ब्रजेश पाठक

भाजपा ही चुनाव लड़ रही है, उसके नेता जनता के बीच है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बदायूं क्लब में गुरुवार को भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य एवं फतेहपुर सीकरी भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर की नामांकन सभा को प्रतापपुर चौराहे पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही चुनाव लड़ रही है, उसके नेता जनता के बीच हैं और यूपी के दोनों लड़कों के मन में हार का डर ऐसा भर गया है कि वे मैदान से नहीं प्रेस कांफ्रेंस से ही प्रचार कर रहे हैं। उनका डर भी स्वाभाविक है जनता जर्नादन के आशीर्वाद से भाजपा भ्रष्टाचारी और अराजक गठबंधन को 2014 से लगातार पराजित करती आ रही है। जो 2014 में गए थे 2024 में भी उनकी वापसी नहीं होने वाली है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने गुंडों, दंगाइयों और माफियाओं को प्रश्रय नहीं है। प्रदेश में कानून का राज है। पुलवामा में अटैक हुआ तो मोदी ने ही आतंकवादियों के कैम्प को पाकिस्तान में घुसकर तबाह किया। आपको याद होगा जब पायलट अभिनंदन पाकिस्तान में फंसे थे तो मोदी जी ही उन्हें वापस लेकर आए। आज देश में गरीब को पक्का मकान मिला है। पहले पीने के पानी के लिए संघर्ष होते थे, पानी की ट्रेन चलानी पड़ती थी। मोदी जी ने गांव-गांव घर-घर पेयजल पहुंचाने का काम किया है। गैस कनेक्शन केवल बड़े आदमी के पास होता था, जबकि अब उज्ज्वला योजना के तहत हर घर तक रसोई गैस की पहुंच आसान हुई है। सबको अंधेरे में रखकर अपना घर रोशन करने वाले क्या जानेंगे कि बिना बिजली के जीवन कितना कठिन होता है। मोदी जी ने हर घर को बिजली कनेक्शन देकर देश और प्रदेशवासियों के जीवन में उजाला फैलाने का काम किया है।

2017 में प्रदेश में सरकार बनी तो सरकारी स्कूलों में बच्चों को ड्रेस दी गईं, किताबें दी गईं। इसी वजह से आज स्कूलों में बच्चों का ग्राफ बढ़ा है। आज बिजली 24 घंटे मिल रही है। 2.72 लाख किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं। जब भी विपक्ष की सरकारें रही हैं, भाई-भतीजावाद हुआ है। आज गुंडे गले में तख्ती डालकर घूमते हैं कि आज हम सब्जी बेच लेंगे लेकिन गुंडई नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस के गठबंधन से सरकार चल रही थी। कांग्रेस में कोयला घोटाला हुआ। सबसे बड़ी चुनौती कामनवेल्थ गेम्स में घोटाला हुआ। मोदी जी की सरकार पर एक भी दाग नहीं है वे दिन रात अहर्निश सेवा में लगे हैं। जनता का आशीर्वाद मोदी पर कायम है वे एक बार फिर तीसरी बार भारत के प्रधान सेवक बनने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *