Dainik Athah

आज मतदाता मोदी- योगी के सुशासन, सुरक्षा और विकास के साथ: भूपेन्द्र सिंह चौधरी

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं चुनाव संचालन समिति की बैठक को किया संबोधित
  • हर मतदाता से संपर्क कर पहले मतदान फिर जलपान का आग्रह करें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

अथाह संवाददाता गाजियाबाद। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आज मतदाता मोदी- योगी के सुशासन, सुरक्षा एवं विकास के साथ है। भूपेंद्र सिंह चौधरी रविवार को आरकेजीआईटी कॉलेज में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ ही लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक का शुभारम्भ प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने दीप प्रजवल्लन कर किया। लोकसभा संयोजक अजय शर्मा ने चुनाव संचालन समिति से जुड़े सभी कार्यकतार्ओं का परिचय कराया। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने सभी को चुनाव में जुट जाने के लिए कहा। उन्होने बताया पूरा देश मोदी के विकास की गारंटी पर आज भाजपा के साथ खड़ा है। हमें उनके विश्वास को बरकरार रखने के लिए स्वयं की गारंटी के साथ उनके घर उनके परिवार के साथ जुड़े रहना है। हमे लाभार्थी और हर मतदाता से संपर्क कर पहले मतदान फिर जलपान का आग्रह करना है।
लोकसभा चुनाव संचालन समिति एवं वरिष्ठ कार्यकर्त्ता बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर, विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल, लोकसभा संयोजक अजय शर्मा, महापौर सुनीता दयाल पूर्व महापौर आशु वर्मा, पूर्व महापौर आशा शर्मा, बलदेव राज शर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिरोही, रूप चौधरी, प्रशान्त चौधरी, क्षेत्रीय मंत्री मयंक गोयल, लोकसभा सह संयोजक सतेन्द्र चौधरी आदि मंचासीन रहे।

इससे पहले नवयुग मार्केट स्थित चुनाव कार्यालय पर पहुंचकर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने चुनाव में लगे भिन्न भिन्न कार्यकर्ताओ से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने कहा देश और प्रदेश में मोदी और योगी के सुशासन, सुरक्षा, सबका साथ सबका विश्वास की छाप लोगों के दिलों पर स्पष्ट है और उसी के आधार पर प्रदेश में 80 सीट और देश में 400 पार के लक्ष्य को पूरा करना है।

केवल एक हाथ उठा जिसने अपने बूथ की मतदाता सूची का अध्ययन किया

बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पूछा किस किस ने अपने अपने बूथ की मतदाता सूची का अध्ययन किया है। इस पर केवल एक हाथ ऊठा। वह हाथ था पूर्व विधायक रूप चौधरी का। उन्होंने कहा वे मतदाता सूची का अध्ययन कर चुके हैं। इस पर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें प्रणाम करने के साथ ही सभी से कहा कि वे अपने अपने क्षेत्र की मतदाता सूची का अध्ययन कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *