Dainik Athah

पीलीभीत का नाम सुनते ही भाजपा नेताओं के चेहरे पीले पड़ जाते हैं: अखिलेश यादव

अथाह संवाददाता पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पीलीभीत में इंडिया गठबंधन, समाजवादी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी भगवत शरण गंगवार के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा है कि पीलीभीत का नाम सुनते ही भाजपा नेताओं के चेहरे पीले पड़ जा रहे हैं। पीलीभीत से इस बार समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी इसीलिए यूपी से लेकर दिल्ली तक भाजपा के लोग घबराए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों को धोखा दिया। भाजपा तीन काले कानून लाई थी। लेकिन किसानों की ताकत से घबरा कर भाजपा ने काले कानून वापस ले लिये। पीलीभीत के लोग किसान आंदोलन में सबसे आगे रहे। जो लोग किसान आंदोलन को दबा रहे थे आज भाजपा उन्हें आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा पीलीभीत से भाजपा के जो प्रत्याशी हैं उन्होंने सड़क मंत्री बनते ही बड़ा घोटाला किया। विभाग में इन्होंने ट्रांस्फर पोस्टिंग के सारे रिकार्ड तोड़ दिए। यह कई दल घूम कर आए हैं। मंत्री बताए 40 हजार करोड़ से ज्यादा रूपया गड्ढ़ा में खर्च हुआ, क्या पीलीभीत की सब सड़के गड्ढामुक्त हो गयी। यहां का किसान, नौजवान भाजपा को सबक सिखाने जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा है कि जबसे भाजपा दिल्ली की सरकार में आई है महंगाई बढ़ा दी है। महंगाई बढ़ती जा रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाने-पीने की चीजे सबके दाम बढ़ा दिए हैं। 2014 से 2024 के बीच महंगाई कई गुना बढ़ गयी। भाजपा सरकार ने महंगाई नहीं रोकी। भाजपा जनता को राहत देने के बजाय अपने लिए चंदा वसूलती रही। भाजपा ने भ्रष्टाचार बढ़ाने का काम किया। भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया। इलेक्टोरल बांड के माध्यम से वसूली की है। ऐसी वसूली दुनिया में कहीं नहीं हुई। उन्होंने कहा जिस कम्पनी का कोई कारोबार नहीं, जिसकी कोई कमाई नहीं, उससे भी भाजपा ने चंदा वसूल लिया। क्या चंदे में एक हजार, पांच सौ और तीन सौ करोड़ लिए जाते हैं? भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों को सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स से डराकर वसूली की है। भाजपा ने कहा था, नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। भाजपा ने इलेक्टोरल बांड से कालेधन को सफेद किया। नोटबंदी में भाजपा ने काला धन सफेद किया और इलेक्टोरल बांड में भी कालाधन सफेद किया। इलेक्ट्रोरल बांड की वसूली के कारण देश में महंगाई, बढ़ी है। जिन उद्योगपतियों से भाजपा ने वसूली की है उन्होंने महंगाई बढ़ाकर जनता से वसूला है। भाजपा ने भ्रष्टाचार बढ़ाया है इसलिए महंगाई बढ़ी है। महंगाई बढ़ने के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

यादव ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है। नौकरियां नहीं दिया। जानबूझकर पेपर लीक कराये। भाजपा की नीयत युवाओं को नौकरी देने की नहीं रही है। नौजवानों की पूरी पीढ़ी का भविष्य बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार में एक नहीं दसों परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा की गारन्टी कोरोना काल में ताली और थाली बजवाने जैसी है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने, युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी देने की गारन्टी दी थी लेकिन पूरी नहीं हुई। भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। भाजपा के झूठ और धोखे से छात्र, नौजवान, किसान, निराश है। 80 से 90 फीसदी पढ़ा लिखा नौजवान बेरोजगार है। जो नौकरी मिल भी रही है वह कॉन्ट्रैक्ट, ठेके और आउटसोर्स की है। इसका कोई भविष्य नहीं है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन जीतेगा। युवाओं को पक्की नौकरी मिल मिलेगी। अग्निवीर जैसी व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *