Dainik Athah

महिलाओं को अपमानित करना कांग्रेस का पुराना कल्चर है: अपर्णा यादव

रणदीप सुरजेवाला की हेमा मालिनी पर टिप्पणी पर भाजपा का हमला

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव ने गुरुवार को कहा कि महिला अस्मिता, आत्मसम्मान और उनके स्वाभिमान को चोट पहुंचाने, महिलाओं को लज्जित और अपमानित करने का कांग्रेस का पुराना कल्चर है। रणदीप सुरजेवाला का भी हालिया बयान इसी का नतीजा है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का अपमान करने वाले दुर्योधन का भी अंत हो गया था कांग्रेस क्या चीज है। कांग्रेस का भी हश्र ऐसा ही होगा।
अपर्णा यादव ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जहां नारी शक्ति के सम्मान को लेकर पूरे देश में सकारात्मक अभियान चला रहे हैं। देश के गौरव को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही महिलाओं को सम्मानित कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के नेताओं का महिलाओं को लेकर बुरा और अपमानजनक बर्ताव कांग्रेस पार्टी की सोच को बताता है। महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस के डीएनए में है। मथुरा में कांग्रेस की ही नेता रहीं प्रियंका चतुवेर्दी को भी अपनी अस्मिता और मान सम्मान बचाने के लिए कांग्रेस छोड़नी पड़ी थी।
उन्होंने कहा कि, कांग्रेस में अनगिनत नेता और उदाहरण भरे पड़े हैं, स्वयं राहुल गांधी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, शशि थरूर समेत आजम खान, अबू आजमी जैसे इंडी गठबंधन के नेता भी महिलाओं के खलिफ अनर्गल और अपमानजनक टिप्पणी करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और राहुल गांधी के करीबी रणदीप सुरजेवाला कैथल जिले के किसी गांव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में सभा करते हुए पद्म सम्मान से सम्मानित और मथुरा सांसद हेमा मालिनी पर निंदनीय और अशोभनीय टिप्पणी की, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। उनके जो शब्द हैं उनको मैं इस मंच से कह भी नहीं सकती हूं।
अपर्णा यादव ने यह भी कहा कि केवल सुरजेवाला ही नहीं हैं, जिन्होंने हेमामालिनी जी को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की है। बल्कि कांग्रेस की महिला नेताओं ने भी बारंबार दूसरे दलों की महिला नेताओं पर अमर्यादित और निम्नस्तरीय टिप्पणियां की हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि हेमा मालिनी मथुरा से दो बार सांसद रह चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति एवं फिल्म क्षेत्र में उन्होंने भारत ही नहीं विश्व में अपना एक अलग स्थान बनाया है। उनके योगदान पर भारत सरकार ने उन्हें पद्म सम्मान से सम्मानित भी किया है। मेरी चुनाव आयोग से अपील है वह इस मामले में सुरजेवाला की अमर्यादित टिप्पणी पर संज्ञान ले और कड़ी कार्रवाई करे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *