Dainik Athah

भाजपा की चंदा वसूली, बढ़ी हुई मंहगाई, बेरोजगारी के खिलाफ होगा: अखिलेश यादव

इस बार का लोकसभा चुनाव

अथाह संवाददाता
कन्नौज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने ईडी, सीबीआई और सरकारी एजेंसियों का डर दिखाकर और दबाव बनाकर चंदा वसूली की है। इस बार का लोकसभा चुनाव भाजपा की चंदा वसूली, बढ़ी हुई मंहगाई, बेरोजगारी के खिलाफ होगा। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। देश के इतिहास में पहली बार डर दिखाकर वसूली की जा रही है। भाजपा ने डर दिखाकर इलेक्टोरल बांड के नाम पर तमाम कम्पनियों से वसूली की। किसी से एक हजार करोड़ रुपए तो किसी से पांच सौ करोड़ रू0 तो किसी से 400 करोड़ रुपए की वसूली की। यही नहीं भाजपा के लोगों ने कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी चंदा वसूली कर ली। वसूली का भंडाफोड़ हुआ तो ध्यान हटाने के लिए भाजपा सरकार ने विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कराया। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और लूट के नए-नए तरीके खोजे है। इस सरकार में 10 प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। भाजपा सरकार ने प्रतियोगी युवाओं को धोखा दिया। भाजपा की नीयत नौकरी देने की नहीं है।
कन्नौज में मंगलवार को कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कन्नौज समेत प्रदेश का विकास रोका है। समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों को रोक दिया। समाजवादी सरकार में जिस कन्नौज की पहचान सुगंध और विकास के लिए हो रही थी। उसे अब भाजपा सांसद के करतूतों की वजह से जाना जाता है। कुछ दिन पहले भाजपा नेता ने लोधी समाज के लोगों को अपमानित किया, कहा कि लोधी समाज को पैसा देकर वोट लिया। यही भाजपा का चरित्र है। भाजपा जनता से वोट लेती है और फिर अपमानित करती है। भाजपा को विकास कार्यों से कोई मतलब नहीं है। भाजपा सिर्फ वोट की राजनीति करती है। कन्नौज की जनता सब समझ चुकी है। इस बार लोकसभा चुनाव में कन्नौज से समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी।
उन्होंने कहा कन्नौज में जो जोश दिखाई दे रहा है उससे स्पष्ट है कि अब विरोधियों की दाल नहीं गलने वाली है। जनता जानती है। कन्नौज का विकास सिर्फ समाजवादियों ने किया। उससे आगे कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कहा कि भाजपा सरकार इंडिया गठबंधन की एकजुटता से घबराई हुई है। विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमें लगाकर बदनाम किया जा रहा है। हम सभी को न्यायपालिका से उम्मीद है। कोर्ट सच का साथ देगा। धीरे-धीरे सभी नेता छूट जायेंगे। भाजपा सरकार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां और उनके परिवार तथा विधायक इरफान सोलंकी को झूठे मुकदमों में फंसाया है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए द्वेष भावना के चलते इन नेताओं को जेल भेजा है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के अन्याय और झूठे मुकदमों के खिलाफ मतदान करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *