Dainik Athah

विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है: जेपीएस राठौर

मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक सम्पन्नता के साथ

भाजपा विशेष संपर्क अभियान की बैठक संपन्न

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर रविवार को आयोजित विशेष सम्पर्क अभियान की बैठक में विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक व व्यवसायिक वर्गो में सेमिनार से टू-वे डॉयलाग तथा सम्पर्क से संवाद की कार्ययोजना को अन्तिम रूप दिया गया। भाजपा विशेष सम्पर्क अभियान के तहत शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षण संस्थान प्रमुख, व्यवसायिक केन्द्र, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रमुख, अवकाश प्राप्त अधिकारी, पूर्व सैनिक, उद्योगपति, सीए, प्रवासी भारतीय, साहित्यकार, स्तम्भकार, कवि, धार्मिक अध्यात्मिक प्रमुख, प्रबुद्ध वर्ग सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व व्यवसायिक क्षेत्रों से जुडे़ लोगों के साथ सम्पर्क करेगी तथा सेमिनार के माध्यम से संवाद स्थापित करेगी। बैठक को सम्बोधित करते हुए लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश सहसंयोजक व प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बैठक में कहा कि भाजपा सतत सम्पर्क व संवाद के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के मंत्र के साथ लगातार जनता के बीच है। इस अवसर पर विशेष सम्पर्क अभियान के प्रदेश संयोजक ओम प्रकाश श्रीवास्तव सहित अभियान से जुडे़ विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक व सहसंयोजक उपस्थित रहे।
जेपीएस राठौर ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं, ऐतिहासिक निर्णय, विकसित भारत का संकल्प तथा देश की आन्तरिक व वाह्य सुरक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था के 10 वर्षों का लेखा-जोखा लेकर प्रत्येक व्यक्ति तथा प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचना है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक सम्पन्नता के साथ विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। आज भाजपा अपने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, जिससे देश की सांस्कृतिक आभा से पूरा विश्व आलोकित हो रहा है और आंतकवाद व नक्सलवाद का खात्मा करते हुए विश्व क्षितिज पर भारत ने स्वयं को मजबूत किया है।
अभियान के प्रदेश संयोजक ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक लोकसभा स्तर पर विशेष सम्पर्क अभियान के लिए 1100 सदस्य चयनित किये गए है। जो अपने-अपने सम्पर्क वर्ग में अपनी टोली बनाकर केन्द्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का पत्रक लेकर सम्पर्क करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न प्रोफेशनल्स के साथ सेमिनार आयोजित कर टू-वे डॉयलाग के माध्यम से 10 वर्षों में हुए देश के परिवर्तन पर संवाद करेंगे।
इस दौरान अभियान के सहसंयोजक डा. अभयमणि त्रिपाठी, एमएलसी उमेश द्विवेदी, पवन चौहान, महंत दिव्यागिरि सहित प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक व सहसंयोजक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *