Dainik Athah

आजम के साथ हो सकता है मुख्तार अंसारी को भी सपा स्टार प्रचारक बना दें: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिला प्रतिनिधि मंडल
  • चुनाव आयोग से मांग, मतदान स्थलों पर पेयजल समेत धूप से बचाव की व्यवस्था हो

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जनपथ लखनऊ स्थित निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंच कर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से भेट की। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, मोहित बेनीवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह प्रभारी हिमांशु दुबे, अखिलेश अवस्थी सहित अन्य प्रमुख नेता सम्मिलित थे।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त से कहा कि लोकसभा चुनाव के समय प्रदेश मे भीषण गर्मी की संभावना है। ऐसे में मतदान स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था सहित मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए समुचित प्रबन्ध किए जाने का अनुरोध किया। साथ ही मतदान के दौरान प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित कर ही मतदान की अनुमति दिये जाने का आग्रह किया ताकि फर्जी वोटिंग को कड़ाई से रोका जा सके। प्रतिनिधि मंडल ने बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए विशेष रूप से सुविधा जैसे व्हीलचेयर इत्यादि का प्रबंध कराये जाने का भी आग्रह किया। मतदाता पर्ची घर-घर पहुंचे इसका भी अनुरोध किया गया।

पूर्व मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां को समाजवादी पार्टी द्वारा स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किये जाने को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गऐ सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी अन्तर्कलह का शिकार है, निश्चित रूप से समाजवादी पार्टी का जो चरित्र है उसे जनता जानती है। सपा ने आजम खां को स्टार प्रचारक बनाया है, हो सकता है ये मुख्तार अंसारी को भी स्टार प्रचारक बना दें। इरफान सोलंकी को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया जा सकता है। समाजवादी पार्टी का यही चरित्र है, प्रदेश की जनता सब जानती है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश से पलायन कर चुकी है। उनके नेता राहुल गांधी 2019 में अमेठी से चुनाव हारने के बाद पलायन कर गए। उनकी नेता प्रियंका वाड्रा भी 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद पलायन कर गयी। आज उत्तर प्रदेश मोदीमय है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता मोदी-योगी सरकार के कार्यों का लेखा-जोखा लेकर रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन बेमेल गठबंधन है, ये वैचारिक गठबंधन नहीं है। जिस प्रकार कांग्रेस का गठबंधन के प्रति इतिहास रहा है, पूरे देश व प्रदेश की जनता सब जानती है। सपा-कांग्रेस का गठबंधन स्वार्थ का गठबंधन है जनता का गठबंधन मोदी जी और भाजपा से है हम उत्तर प्रदेश में सभी 80 सीटों पर मोदी जी के नेतृत्व में विजयी होगें और एक बार फिर केन्द्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *